सेंट्रल जेल में बंद कैदी की गला दबाकर हत्या, पुलिस प्रशासन पर उठे सवाल

punjabkesari.in Tuesday, Oct 24, 2017 - 10:52 AM (IST)

फर्रुखाबादः फर्रुखाबाद की सेंट्रल जेल में कैदियों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। क्योंकि सेंट्रल जेल में बीते दिन एक कैदी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप एक दूसरे कैदी पर है। बता दें मृतक कैदी हरिभान सिंह यादव केंद्रीय कारागार में तिहरे हत्याकांड की आजीवन सजा काट रहा था।

दरअसल जिस बैरक में मृतक कैदी रहता था, उसी में हत्या के मामले में आजीवन सजा काट रहे कैदी अमर सिंह से विवाद हो गया था। इस दौरान अमर सिंह ने हरिभान सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के बाद में उसी जेल में बंद हरिभान सिंह के अन्य भाइयों वीरेंद्र सिंह, मुखराम सिंह और सत्यराम सिंह ने अमर सिंह को भी पीट दिया। हालांकि जेल प्रशासन इस बात से साफ इन्कार कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के बाद कैदियों में कोई आपसी संघर्ष नहीं हुआ।

सिटी मजिस्ट्रेट जनेन्द्र जैन ने बताया कि करीब एक बजे सभी कैदी खाना खा रहे थे।उसी समय इन दोनों कैदियों में पानी को लेकर कहा सुनी हो गई थी। उसके बाद बैरक में इनका दोबारा झगड़ा हुआ, जिसमें कैदी अमर सिंह ने थाना मेरापुर के गांव नौली के रहने वाले कैदी हरभान को धक्का मार दिया। जिस कारण उसकी मौत हो गई है। जिस बैरक में यह घटना बताई जा रही उसमें 145 कैदी है। 2 साल से दोनों कैदी एक साथ रहते थे। इस घटना की जांच सीजेएम न्यायिक द्वारा कराई जाएगी।

सूत्रों की मानें तो घायलों का जेल के अंदर ही गुपचुप तरीके से इलाज कराया जा रहा है, जिससे की बाहर किसी को कानोंकान खबर ना लगे। ऐसा जेल प्रशासन अपनी नाकामी छिपाने के लिए कर रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर हाई सिक्योरिटी जेल जहां कई हाईप्रोफाइल कैदी भी बंद हैं। उनकी सुरक्षा का क्या, उन सभी की सुरक्षा तो भगवान भरोसे है।