पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल बारिश और ओले गिरने की संभावना

punjabkesari.in Sunday, Mar 03, 2019 - 04:19 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में सोमवार (04 मार्च) को बारिश और ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार मंगलवार से फिर मौसम करवट लेगा और धूप खिलेगी। विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई जगह बारिश हुई है।

गौतमबुद्धनगर, जलालाबाद, सिंकदराबाद, सहसवान, दातागंज, बदायूं, अतरौली, शाहजहांपुर, पुवायां, आंवला, अलीगढ़, मेरठ, एटा, बहेड़ी, निघासन, मोहम्मदी, छिबरामऊ और सिधौली में एक से 2 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मेरठ, मुरादाबाद, झांसी और आगरा मण्डलों में अधिकतम तापमान में कमी आयी। वहीं, गोरखपुर, फैजाबाद, लखनऊ, बरेली, वाराणसी और कानपुर मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज हुआ। प्रदेश में सबसे गर्म बस्ती रहा। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, गोरखपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, फैजाबाद, कानपुर और झांसी मण्डलों में शनिवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुयी जबकि लखनऊ और मुरादाबाद में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान सबसे कम 5.4 डिग्री सेल्सियस लखीमपुर खीरी में दर्ज किया गया।

Tamanna Bhardwaj