चंद्रशेखर आजाद प्रचार दौरान बोले- चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी के फायदा के लिए सरकारी मशीनरी का हो रहा है दुरुपयोग

punjabkesari.in Thursday, Dec 01, 2022 - 04:16 PM (IST)

लखनऊः भीम आर्मी संगठन के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र में पांच दिसंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के लिए गुरुवार को प्रचार करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान आधिकारिक मशीनरी का दुरुपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के खिलाफ ‘‘चुप्पी'' चुनाव, लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करेगी।

बता दें कि आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर उपचुनाव में सपा का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार को सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां से उनके घर पर मुलाकात की। दलित समाज के नेता चंद्रशेखर ने कहा कि, ‘‘आज हारे हुए प्रत्याशी को विजयी घोषित किया जा रहा है। सत्तारूढ़ पार्टी के लिए चुनाव में आधिकारिक मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। इस बार यह ‘‘चुप्पी'' लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करेगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम और हमारी पार्टी मजबूती से सपा प्रत्याशी के साथ हैं। पुलिस द्वारा भय का माहौल बनाया जा रहा है और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। यह लोकतंत्र के खिलाफ है। यह जमीनी हकीकत है, जो मैं रामपुर में अनुभव कर रहा हूं।''

विपक्ष एकजुट हो रहा है - चंद्रशेखर
सपा और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के साथ गठजोड़ की अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘विपक्ष एकजुट हो रहा है।'' हालांकि इस बारे में उन्होंने विस्तार से नहीं बताया। उन्होंने कहा, ‘‘जब लोगों को धमकाया जाता है और वोट देने की अनुमति नहीं दी जाती है तो यह लोकतंत्र के लिए खतरा होगा।''

रामपुर विधानसभा सीट पर 5 दिसंबर को होगा मतदान
इस साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव में गोरखपुर सीट से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले आजाद को 7,453 वोट मिले थे और उनकी जमानत जब्त हो गई थी। नफरत भरा भाषण देने के मामले में तीन साल की सजा सुनाये जाने के बाद आजम खां की विधानसभा सदस्यता खत्म किए जाने के चलते रामपुर विधानसभा सीट खाली हुई है। इस सीट पर उपचुनाव के तहत आगामी पांच दिसंबर को मतदान होगा और परिणाम की घोषणा आठ दिसंबर को होगी। सपा ने इस सीट पर आजम खां के करीबी आसिम राजा को टिकट दिया है जबकि भाजपा ने आकाश सक्सेना को उम्मीदवार बनाया है। 

Content Editor

Pooja Gill