Ballia: अराजक तत्वों ने बाबा साहब की प्रतिमा की क्षतिग्रस्त, नाराज ग्रामीणों ने गड़वार-नगरा मार्ग को किया जाम

punjabkesari.in Tuesday, Jun 22, 2021 - 12:54 PM (IST)

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गड़वार क्षेत्र में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। वहीं घटना से नाराज ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गड़वार थाना क्षेत्र के रामपुर असली गांव में सोमवार रात अराजक तत्वों ने आम्बेडकर की प्रतिमा का हाथ क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार को सुबह इस घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण उग्र हो गए और उन्होंने गड़वार-नगरा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और नाराज ग्रामीणों को समझा कर जाम समाप्त कराया। उन्होंने बताया कि इस घटना में मामला दर्ज कर दोषी तत्वों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जायेगी। यादव ने बताया कि इस स्थान पर प्रतिमा को कई बार क्षतिग्रस्त किया जा चुका है। पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।

Content Writer

Umakant yadav