छत्रपति शाहूजी महाराज जयंती को लेकर नाईक ने लिखा CM अखिलेश को खत

punjabkesari.in Tuesday, Dec 22, 2015 - 07:56 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र लिखकर छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती 26 जून को मनाने की अपेक्षा की है। दलित और शोषित वर्ग के लिये ताजिंदगी संघर्ष करने वाले छत्रपति शाहूजी महाराज जयंती उत्तर प्रदेश में हर साल 26 जुलाई को मनायी जाती है। आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि नाईक ने छत्रपति शाहूजी महाराज की सही जन्मतिथि की जानकारी के लिए महाराष्ट्र सरकार को पिछले दिनों एक पत्र भेजा था जिसका जबाब उन्हें 15 दिसंबर को मिला है। पत्र में शाहूजी महाराज की जन्मतिथि प्रामाणिक रूप से 26 जून 1874 बतायी गयी है।
 
राज्यपाल ने अपेक्षा की है कि उत्तर प्रदेश सरकार अपने अभिलेखों में शाहूजी महाराज की जन्म तिथि में परिवर्तन करे जिससे भविष्य में उनके जन्म तिथि से संबंधित कार्यक्रम 26 जून को ही आयोजित किये जायें। नाईक ने बहुजन समाज पार्टी(बसपा) की अध्यक्ष मायावती एवं छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति को भी पत्र लिखकर इस बारे में जानकारी दी है।
 
गौरतलब है कि किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ में इस वर्ष 26 जुलाई को छत्रपति शाहूजी महाराज स्मृति मंच द्वारा शाहूजी महाराज की जयंती का आयोजन किया गया था। छत्रपति शाहूजी महाराज की सही जन्म तिथि को लेकर भ्रम की स्थिति थी। सही तिथि सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 2005 में इतिहास विशेषज्ञों, साहित्यकारों की एक समिति गठित की थी। समिति ने उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार 15 जून 2006 को यह निष्कर्ष निकाला कि छत्रपति शाहूजी महाराज की जन्मतिथि 26 जून 1874 ही उचित है। इसी आधार पर महाराष्ट्र सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती 26 जून को मनाने का निर्णय लिया है।