मथुरा पहुंचे CM योगी ने कहा- ब्रज की होली को अब दुनिया में मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान

punjabkesari.in Saturday, Feb 24, 2018 - 04:21 PM (IST)

मथुराः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार मथुरा पहुंचे। यहां उन्होंने ‘अतुल्य ग्राम लोहवन’ में ‘फगुनोत्सव’ के शुभारंभ पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अब ब्रज की होली को दुनिया में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन के लोगों को गर्व होना चाहिए कि उनके यहां का इतिहास 5000 साल पुराना है, ऐसा और कहीं नहीं है। इस मौके पर सीएम ने ढोल बजाकर ‘फगुनोत्सव’ की शुरूवात की।

ब्रजभूमि श्रीकृष्ण की लीलाओं से अभिभूत 
इस मौके पर योगी ने कहा कि भगवान कृष्ण की लीला बड़ी अनुपम है। सम्पूर्ण ब्रजभूमि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से अभिभूत है। ब्रजभूमि के कण-कण में श्रीकृष्ण और राधारानी की ताकत पर्यटक महसूस कर उनकी लीलाओं से अभिभूत होते हैं तथा अपने को धन्य समझते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रज को समझने के लिए रसखान को समझना होगा, जिन्होंने अपने भक्तिभाव से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का अछ्वुत वर्णन किया।  

धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं पर दिया जोर
योगी ने धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं पर जोर देते हुए लोगों से कहा कि वे अतिथि देवो भव के भाव को बनाये रखने के लिए पुरजोर प्रयास करें। उन्होंने खासकर युवाओं से कहा कि पर्यटन क्षेत्र में रोजगार की बड़ी संभावनाएं हैं। गाइड बनकर और अपने घर में पर्यटकों को ठहराकर उन्हें बेहतर सुविधाएं मुहैया कराकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।  उन्होंने कहा कि उन गांववासियों को गौरव की अनुभूति होनी चाहिए, जहां कण-कण में श्रीकृष्ण और राधाजी की लीलाएं समाहित हैं। 

खंभे पर एलईडी लाइट लगवाई जाएगी
उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन में प्रकाश की व्यवस्था बेहतर करने के लिए हर खंभे पर एलईडी लाइट लगवाई जाएगी। अमृत योजना के तहत सीवर की स्थिति में सुधार कराया जाएगा। उन्होंने‘अतुल्य ग्राम लोहवन’ में ‘हिन्दुस्तान’ द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी को इस पहल से प्रेरणा लेनी चाहिए। अन्य औद्योगिक घराने भी इस तरह से एक-एक गांव गोद ले लें तो पूरे प्रदेश की तस्वीर बदल सकती है। 

क्षेत्र के विकास के लिए बढ़-चढ़कर काम करें
सीएम ने कहा कि ब्रज की एतिहासिक होली का गवाह बनने का उन्हें भी अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने पूरी कोशिश की है कि इस क्षेत्र की तस्वीर बदल दी जाए। इसके चलते ही‘ब्रज विकास बोर्ड’ का गठन भी किया गया। इससे बेहतर परिणाम भी सामने आ रहे हैं। मथुरा को नगर निगम का दर्जा दिलाया गया। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए बढ़-चढ़कर काम करें।