BSP के वरिष्ठ नेता रामवीर उपाध्याय के पुत्र चिरागवीर आज BJP में हो सकते हैं शामिल

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2020 - 03:14 PM (IST)

आगरा: बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री रामवीर उपाध्याय के पुत्र चिरागवीर आज भाजपा में शामिल हो सकते हैं। आगरा में कुछ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में उनके अकेले ही पार्टी में शामिल होने की बात कही जा रही है। कोरोना के चलते उनके समर्थकों की भीड़ मौजूद नहीं रहेगी।

बता दें कि रामवीर उपाध्याय अपनी राजनीतिक विरासत अपने पुत्र चिरागवीर को सौंपना चाहते हैं। पिछले विधान सभा चुनाव से ही चिरागवीर की राजनीतिक सक्रियता दिखाई देने लगी थी। सादाबाद में 2017 के विधान सभा चुनाव में उन्होंने पिता के लिए प्रचार किया था। उधर, शनिवार शाम रामवीर उपाध्याय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से मुलाकात की। बसपा नेता के मुलाकात के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक ब्राह्मणों को साधने के लिए रामवीर उपाध्याय को बीजेपी में शामिल किया जा सकता है।

गौरतलब है कि बीते साल लोक सभा चुनाव से पहले बसपा प्रमुख मायावती ने रामवीर उपाध्याय को पार्टी से निलंबित कर दिया था। बीते साल मई माह में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मेवालाल गौतम ने रामवीर उपाध्याय पर कार्रवाई की थी। उन पर आरोप लगा कि आगरा, फतेहपुर सीकरी, अलीगढ़ आदि सीटों पर उन्होंने पार्टी प्रत्याशी का विरोध किया। बसपा ने रामवीर को विधान सभा में मुख्य सचेतक पद से भी हटा दिया था। तब से रामवीर उपाध्याय बसपा के किसी कार्यक्रम में नजर नहीं आए।

 

 

Umakant yadav