चित्रकूट: गैंगवार में मारा गया कुख्यात डकैत बबुली कोल, 7 लाख का था ईनाम

punjabkesari.in Monday, Sep 16, 2019 - 12:54 PM (IST)

चित्रकूट: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सरकारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना चंबल, पाठा के बीहड़ का 7 लाख इनामिया दुर्दांत कुख्यात दस्यु (डकैत)सरगना बबुली कोल मारा गया है। लेदरी के जंगल में उसका और उसके एक साथी लवलेश कोल का शव बरामद हुआ है। बता दें कि बबुली कोल पर 7 लाख जबकि लवलेश कोल पर 2.5 लाख का ईनाम घोषित था। 

गैंगवार में मारे जाने की सूचना
सूत्रों के अनुसार चित्रकूट/सतना सीमा पर मारकुंडी थाना क्षेत्र के डोड़ामाफी के जंगल में दोनों डकैतों के गैंगवार में मारे जाने की सूचना मिल रही है। बबुली कोल अपने ही लोगों द्वारा गोलियों से भूना गया है। बताया जा रहा है कि फिरौती में मिले रुपयों के बंटवारे को लेकर दोनों में आपस में झगड़ा हुआ था। मारा गया 2.5 लाख इनामिया लवलेश कोल भी इसी गैंगवार में मारा गया है जो दूसरे गुट की बात कर रहा था।

सतना पुलिस ने किया इनकाउंटरट का दावा
यूपी/एमपी के बॉर्डर के पास सतना जिले के पाठा के जंगलों से अपुष्ट खबरों के अनुसार बबली कोल, लवलेश कौल के साथ मारा गया है। सीमा से सटी एमपी सतना पुलिस से यूपी पुलिस सामंजस्य बनाने का प्रयास कर रही है। बबुली को आपसी गैंगवार या फिर पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है इसकी सही पुष्टि नहीं हो सकी है। यूपी-एमपी पुलिस अफसरों के बड़े अधिकारियों ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है। देर रात पुलिस की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया था। मीडिया में खबरें आने के बाद अब सतना पुलिस ने इनकाउंटरट का दावा किया है।

यूपी पुलिस से कई बार हो चुका है आमना-सामना
ऐसा नहीं है कि बबुली कोल का सामना यूपी पुलिस से नहीं हुआ है। कई बार हो चुका है। बावजूद उसके यूपी पुलिस उसे पकडऩे में नाकामयाब रही। यही नहीं एक एनकाउंटर में पुलिस का दरोगा भी शहीद हो गया था, लेकिन बबुली कोल हाथ नहीं लगा। चित्रकूट इलाके में उसका काफी आतंक था।

पुलिस को चकमा देने में था माहिर
चित्रकूट में वर्ष 2018 में बबुली का यूपी पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। मारकुंडी थाना क्षेत्र के बंदरचुआ के बड़े जंगल में पुलिस के कॉम्बिंग के दौरान यह एनकाउंटर हुआ था। दोनों तरफ से आधे घंटे तक फायरिंग होती रही थी, लेकिन बाद में पता चला कि एनकाउंटर में बबुली कोल चित्रकूट पुलिस को एक बार​ फिर चकमा देकर फरार हो गया है। पुलिस ने एक राइफल तीन कारतूस एक मोबाइल सहित कई दैनिक उपयोग चीजों को बरामद की थी। 

मध्य प्रदेश पुलिस की बड़ी उपलब्धि: आईजी 
मध्य प्रदेश के आईजी ने बताया कि यह मध्य प्रदेश पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। बबुली कोल पर यूपी-एमपी समेत अन्य राज्यों में 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। हाल ही में पास के हर्सेल गांव से बबुली कोल ने एक युवक की किडनैपिंग की थी। हम लोग लगातार डकैतों के पीछे लगे हुए थे। कल शाम को लेदरी के जंगल में पुलिस ने चैलेंज किया तो उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों मारे गए। सुबह ही उनका शव बरामद हुआ है। इन लोगों के पास से घरेलू सामग्री मिली है जो जंगल में रहने के लिए थी। इन डकैतों की शिनाख्त में पता चला है कि ये लेदरी गांव के गोंड समाज से है। पुलिस को यहां हथियारबंद और गैरहथियार बंद 6 डकैतों के  होने की सूचना मिली थी। पुलिस फायरिंग के बाद 2 ही डकैत मृत पाए गए हैं बाकी फरार हैं। इनके पास से एक 12 बोर की रायफल और 12 बोर का कट्टा बरामद हुआ है। 

गैंगवार के सवाल पर आईजी ने बताया कि बबुली और लवलेश से कौन गैंगवार करेगा। इन्हीं दोनों के पास फायर पॉवर थी। इनके सामने कौन खड़ा हो सकता है। बबली पर साढ़े 6 लाख का जबकि लबलेश से 1. 80 लाख का ईनाम था। पुलिस की तरफ से 35 राउंड फायरिंग की गई है जबकि डकैतों की तरफ से 16 राउंड फायरिंग की गई है। पुलिस टीम को ईनाम और प्रमोशन के लिए मैं प्रशासन ने अपील करूंगा। 
 

Ajay kumar