पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर गृह मंत्रालय का अलर्ट, सभी प्रदेशों से मांगी रिपोर्ट

punjabkesari.in Sunday, Oct 02, 2016 - 07:56 PM (IST)

इलाहाबाद: भारतीय सेना द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पूरे देश में हाई अलर्ट कर दिया गया। पाकिस्तान किसी तरह की चाल न चले इसके मध्य नजर रखते देश भर सख्ती बरती जा रही है। ऐसे में भारत आए पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर गृह मंत्रालय ने अलर्ट जारी किया है। खुफिया एजेंसियां पाकिस्तानियों और भारत में रहने वाले उनके रिश्तेदारों की गतिविधियों पर निगाह रखे हुए है। जानकारी जुटाई जा रही है कि कोई पाकिस्तानी नागरिक लापता तो नहीं हो गया है। 

गृह मंत्रालय ने पाकिस्तानी नागरिकों के बारे में विशेष सर्तकता और निगरानी बरतने के निर्देश जारी किए हैं। सभी प्रदेशों से रिपोर्ट मांगी गई है कि उनके यहां से कोई पाकिस्तानी नागरिक लापता तो नहीं हुआ या जिसकी गतिविधि संदिग्ध हो। इलाहाबाद में दो अक्टूबर तक 26 पाकिस्तानी नागरिक आए हैं। सभी को 30 से 40 दिनों का वीजा मिला है। करीब सात पाकिस्तानी नागरिक पहले हफ्ते में वतन वापस चले जाएंगे। जिन इलाकों के पते पर पाकिस्तानी नागरिक आए हैं वहां के थानों में सभी की फोटो और पूरी जानकारी दी गई है साथ में यह हबी कहा गया कि उन पर नजर रखी जाए। पाकिस्तानी नागरिकों को हर जगह पर घूमने के लिए भी मनाही है।