शांति से मने ईद और परशुराम जयंती के पर्व, CM योगी ने धर्मगुरुओं का व्यक्त किया आभार

punjabkesari.in Tuesday, May 03, 2022 - 05:23 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस ने ईद, अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती के पर्व पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से मनाये जाने के लिये जनता और धर्मगुरुओं का आभार व्यक्त किया है।   उत्तर प्रदेश पुलिस का दावा है कि ईद-उल-फित्र के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान का पालन करते हुए इस वर्ष पूरे प्रदेश में कहीं भी यातायात बाधित न करते हुए सड़कों के बजाय मस्जिदों में ही ईद की नमाज़ अता की गई। सरकार के सूत्रों के मुताबिक मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी सीएम के अपील का समर्थन किया था, नतीजतन, ईद की नमाज़ ईदगाह अथवा अन्य तयशुदा पारंपरिक स्थान पर ही हुई। हापुड़ और लोनी (गाजियाबाद) सहित कई क्षेत्रों में जहां मस्जिद और ईदगाहों में जगह कम थी वहां तो अलग-अलग शिफ्ट में लोगों ने नमाज़ पढ़ी।   राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने मंगलवार को कहा कि पुलिस प्रशासन के अथक प्रयासों से आज ईद का त्योहार सकुशल संपन्न हुआ।

 प्रदेश में लगभग 32 हजार जगहों पर नमाज अता की गयी। कहीं भी किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुयी और सभी लोगों ने हर्षोल्लास एवं परंपरागत तरीके से ईद का त्योहार मनाया है। कुमार ने कहा कि आज परशुराम जयंती और अक्षय तृतीया का पावन पर्व भी है।   उन्होंने कहा कि इन पर्वों के लिये भी पुलिस बल की तैनाती की गयी है जिससे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। कुमार ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था की गयी है जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाये। उन्होंने इन त्योहारों पर अमन चैन कायम रखते हुए हर्षोल्लास के साथ ये पव्र मनाये जाने के लिये सभी पक्षों का आभार व्यक्त किया।  

 कुमार ने कहा, ‘‘सबके सहयोग और प्रयास के लिये, विशेषकर धर्मगुरुओं ने जो प्रयत्न किये हैं उनके सहयोग के लिये हम उनके आभारी हैं और हम विश्वास करते हैं कि आने वाले पर्व त्योहारों में भी इसी तरह गंगा जमुनी तहजीब को दर्शाने वाली सभी वर्गों की भागीदारी दिखेगी और सभी पर्व सकुशल संपन्न होंगे।   इस बीच राज्य सरकार ने भी अलविदा की नमाज सड़कों की बजाय मस्जिदों और ईदगाहों पर अता किये जाने का श्रेय जनसहयोग को दिया। सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि ईद-उल-फित्र, अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती एक ही दिन होने के कारण उत्तर प्रदेश में अशांति उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन यह निर्मूल साबित हुई। लोगों ने ईदगाहों में नमाज़ पढ़ी तो परशुराम जयंती पर विविध संगठनों ने शांतिपूर्ण आयोजन भी किए।

 प्रदेश के सभी 75 जिलों से हर्ष और उल्लास के साथ त्योहार मनाए जाने की सूचना है।  इस बीच राजस्थान के जोधपुर सहित देश के कुछ प्रान्तों में ईद पर सामुदायिक हिंसा व तनाव उपजने के मद्देनजर पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों की सतकर्ता बढ़ा दी गयी है। गौरतलब है कि पिछले दिनों, मुख्यममंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को ईद, अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती एक ही दिन होने के कारण पुलिस एवं प्रशासन को अतिरिक्त संवेदनशील रहने का निर्देश दिया था। साथ ही, सड़क पर यातायात रोक कर नमाज़ पढ़ने से जनसामान्य को होने वाली परेशानी का हवाला देते हुए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को इस बावत धर्मगुरुओं से संवाद कायम कर निर्धारित स्थान पर धार्मिक आयोजन करने के निर्देश भी दिए थे।  सूत्रों के मुताबिक इस वर्ष प्रदेश में करीब 32 हजार से अधिक जगहों पर नमाज अदा की गयी। इसमें 2,800 स्थानों को चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किये गये थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static