दुनियाभर में टकराव के बीच भारत राम राज्य का अनुभव कर रहा: CM Yogi Adityanath

punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 06:57 PM (IST)

अयोध्या : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि जहां दुनियाभर में टकराव की स्थिति बनी हुई है, वहीं भारत राम राज्य का अनुभव कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, "दुनिया में तमाम जगह युद्ध हो रहे हैं, अव्यवस्था, आर्थिक अराजकता, भय-आतंक है और अयोध्याधाम में हजारों की संख्या में उपस्थित हम लोग भयमुक्त होकर राष्ट्रपति जी के अभिवादन और श्रीराम यंत्र की स्थापना कार्यक्रम में सहभागी बनकर रामराज्य की अनुभूति कर रहे हैं।" 

उन्होंने कहा, "भारत इसलिए भारत बना है क्योंकि इसे ऋषि-मुनियों की तपस्या, अन्नदाता किसानों के परिश्रम, कारीगरों की उद्यमिता और भारत की आस्था ने सदैव 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के रूप में बनाए रखा।" योगी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि यज्ञ की पूर्णाहुति कार्यक्रम के साथ जुड़कर न केवल प्रदेशवासी बल्कि देश-दुनिया के सनातन धर्मावलंबी के मन में भी आनंद की अनुभूति हो रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर बृहस्पतिवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना की। 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को भारतीय नवसंवत्सर की शुभकामना दी और कहा कि सरयू मैया अयोध्या धाम को पवित्र करते हुए अपने निर्मल जल से पूरे क्षेत्र को पवित्र करती हैं। मुख्यमंत्री ने वर्तमान पीढ़ी की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पीढ़ी नववर्ष पर ऐसे किसी पर्यटन स्थल पर नहीं जाती, जहां सनातन के विरोध में कोई कार्य हो रहा है और यह नए वर्ष पर परिवार के साथ मंदिर जाती है। योगी ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आस्था को अंधविश्वास कहकर अपमानित करने वाले वही लोग हैं, जो सत्ता बचाने के लिए नोएडा नहीं जाते थे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static