खलनायकों का महिमामंडन पीढ़ियों के लिए खराब : CM Yogi Adityanath
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 12:14 PM (IST)
वाराणसी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिनेमा जगत के निर्माताओं और कलाकारों से फिल्मों में सकारात्मक और आदर्श चरित्रों को प्रमुखता देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खलनायकों को नायक के रूप में प्रस्तुत करने की प्रवृत्ति ने समाज और पीढ़ियों पर नकारात्मक प्रभाव डाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बीएलडब्ल्यू ग्राउंड पर आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय 'महानाट्य सम्राट विक्रमादिव्य' कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित एक भव्य नाट्य प्रस्तुति के दौरान शुक्रवार को आदित्यनाथ ने कहा कि यह प्रस्तुति केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि नयी पीढ़ी को मूल्यों और आदर्शों से जोड़ने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा, "एक समय ऐसा था जब फिल्मों में अच्छे पात्रों को खलनायक और खलनायकों को नायक के रूप में दिखाने की प्रवृत्ति बढ़ी। इसका परिणाम यह हुआ कि पीढ़ियां प्रभावित हुईं और समाज में आदर्शों का अभाव देखने को मिला।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज के सामने सही आदर्श प्रस्तुत नहीं किए जाते, तो अन्याय, अत्याचार और शोषण के खिलाफ लोगों की आवाज कमजोर पड़ जाती है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों और कलाकारों से अपील करते हुए कहा, "ऐसी फिल्में बननी चाहिए जो राष्ट्र के लिए प्रेरणा बनें। यदि किसी डकैत को नायक के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, तो युवा पीढ़ी उसे ही अपना आदर्श मानने लगेगी। इसलिए कभी भी डकैतों का महिमामंडन न करें।"

