अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है:योगी आदित्यनाथ
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 06:29 PM (IST)
अयोध्या : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर संदेह जताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) सच्चाई सामने लाएगा। अयोध्या के श्री मणिराम दास छावनी में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की 88 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक समारोह में आदित्यनाथ ने राम मंदिर में दान राशि के दुरुपयोग के आरोपों की एसआईटी जांच के बीच यह टिप्पणी की।
मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध के बाद 13 जून को उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की थी जो इन आरोपों की जांच कर रही है कि मंदिर के दान का पैसा गायब हो गया है। विवाद का जिक्र करते हुए, आदित्यनाथ ने कहा , ''अयोध्या को बदनाम करने" और श्री राम जन्मभूमि के बारे में सवाल उठाने के प्रयास किए जा रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''जब भी भारत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ा है, साजिशकर्ताओं की नींद उड़ गई है और वे साजिश रचने लगे हैं। वही साजिश फिर से शुरू हो गई है।''
मुख्यमंत्री ने कहा,''जो लोग कभी अयोध्या नहीं आए, वे आज राम भक्ति के बारे में बात कर रहे हैं। जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया और राम भक्तों की आस्था का अपमान किया, वे अब राम भक्ति के बारे में बात कर रहे हैं।'' उन्होंने संतों और भक्तों से विवाद में न पड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ''इन साजिशों में पड़ने की कोई जरूरत नहीं है। हम भगवान राम के भक्त हैं और हमें उनकी मर्यादा (आचरण और मूल्यों) को बनाए रखना चाहिए।"

