CM योगी का दावा- किसानों के लिए सबसे ज्यादा कार्य हमने किया

punjabkesari.in Monday, Jul 01, 2019 - 03:29 PM (IST)

सहारनपुर: किसानों को सर्वाधिक गन्ना मूल्य भुगतान करने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली दोनों राज्य सरकारों को कटघरे में खड़े करते हुए उनको किसान विरोधी साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के शासनकाल का गन्ना मूल्य का बकाया मेरी सरकार ने दिया है। पिछला बकाया तो दिया ही साथ ही चालू सत्र का भी 52 प्रतिशत का भुगतान करा दिया गया है, शेष के लिए समयबद्ध कार्यक्रम तय कर दिया गया है।

यह बातें मुख्यमंत्री ने पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहीं। उन्होंने कहा कि देश में सर्वाधिक गन्ना उत्पादन करने और सर्वाधिक चीनी बनाने वाला राज्य उत्तर प्रदेश बना हुआ है। उन्होंने कहा कि किसानों के बकाया भुगतान के लिए सरकार ने साफ्ट लोन दिया और अब सरकारी और अद्र्ध सरकारी क्षेत्र की चीनी मिलों में ईथेलान आदि बनाने के उपकरण लग रहे हैं, ऐसा निजी क्षेत्र की चीनी मिलें कर रही हैं। इन प्लांटों के लगने से चीनी मिलें आत्मनिर्भर हो जाएंगी। मेरी सरकार चीनी मिलों को इतना मजबूत कर देगी कि किसानों की पेमैंट में कोई दिक्कत न हो।

योगी ने कहा कि प्रदेश की जेलें सुधार गृह तो हो सकती हैं किन्तु अपराध संचालन का केन्द्र नहीं बन सकती हैं। पिछले दिनों घटित घटना की जांच की जा रही है, जो भी दोषी मिलेगा उसे कड़ा दंड मिलेगा। उन्होंने कहा कि उप चुनाव में सभी सीटें भाजपा ही जीतेगी। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार के आने से पहले सबसे संवेदनशील कैराना और कांधला पलायन के मामले में था। आज एक मीडिया की रिपोर्ट में कांधला और कैराना के उद्यमियों का बयान छपा है जो 2017 से पूर्व की स्थिति से उलट है। हमारे शासन मे पलायन की बात सोचना भी बेमानी है।

उन्होंने कहा कि जिनको अंगूर खट्टे हैं कहने हैं वह कहते रहें, क्योंकि वह अपनी राजनीति चमकाने के लिए कुछ ना कुछ तो बोलेंगे ही। जनता ने कांग्रेस के ब्रांड को फेल कर दिया तो वह इटली, दिल्ली और इंगलैड से कुछ तो बोलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 23 करोड़ जनता की सुरक्षा, संरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के दिलाना हमारा लक्ष्य है। कुछ स्थानों पर स्थानीय विवाद हो जाते हैं उनको सुलझाने के कार्य जिला प्रशासन को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्राइम और भ्रष्टाचार हमारे शासन में जीरो टालरैंस नीति में ही शामिल रहेगा।

Anil Kapoor