कोरोना संकट के बीच UP के 17 जिलों में बाढ़ की मार, CM योगी ने दिए मदद के निर्देश

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2020 - 10:32 AM (IST)

लखनऊः कोरोना संकट के बीच यूपी में के 17 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। जिसके चलते सीएम योगी ने बाढ़ की समस्या पर समीक्षा बैठक की। इसके साथ ही सीएम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के हालातों की जानकारी ली। ऐसे में सीएम योगी ने आलाधिकारियों को प्रभावित इलाकों में जाकर लोगों की मदद करने के निर्देश दिए हैं।

योगी ने 2 मंत्रियों को दी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की जिम्मेदारी 
इतना ही नहीं बिगड़ते हालातों को देखते हुए योगी ने 2 मंत्रियों अनिल राजभर और बलदेव सिंह औलख को बाढ़ निरीक्षण और राहत कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी है। जिसके बाद मंत्री और प्रमुख सचिव अपनी सभी दौरों की रिपोर्ट सीएम को देंगे। 

अफसरों को बाढ़ग्रस्त जिलों के दौरे करने के दिए निर्देश 
इसके साथ ही राहत आयुक्त संजय गोयल ने बताया कि अफसरों को बाढ़ग्रस्त जिलों के दौरे करने के निर्देश दिये गए हैं। साथ ही सिंचाई विभाग के अफसरों को नदियों के तटबंधों पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। जो इलाके पूरी तरह पानी में डूबे हैं, वहां नावों के जरिये जरूरी सामान तत्परता से पहुंचाने के भी निर्देश दिये गए हैं।

4 लाख से ज्यादा की आबादी बाढ़ से प्रभावित
जानने योग्य है कि यूपी में बाढ़ गुरुवार तक 17 जिलों तक पहुंच गई है। 4 लाख से ज्यादा की आबादी इससे प्रभावित हुई है। कुल 666 गांव प्रभावित हैं, जिनमें से 446 पूरी तरह पानी में डूबे हुए हैं। प्रभावित 17 जिलों में कुल 219 बाढ़ शरणालय बनाये गए हैं। लगभग 4000 लोग इनमें शरण लिए हुए हैं। सबसे ज्यादा मार मऊ की मधुबन तहसील में पड़ी है, जहां घाघरा नदी का रिंद बांध टूट जाने से 5000 परिवार प्रभावित हुए हैं।

ये 17 जिले झेल रहे बाढ़ की मार 
जो 17 जिले बाढ़ की मार झेल रहे हैं वे हैं- अम्बेडकरनगर, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बाराबंकी, बस्ती, गोण्डा, गोरखपुर, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, मऊ, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और सीतापुर।

Tamanna Bhardwaj