CM योगी ने BHU के पूर्व कुलपति डॉ लालजी सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया

punjabkesari.in Monday, Dec 11, 2017 - 02:01 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और पद्मश्री से सम्मानित डॉक्टर लालजी सिंह के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि लालजी सिंह के निधन से देश ने एक प्रखर शिक्षक एवं उच्च कोटि का वैज्ञानिक खो दिया है। यहां जारी एक शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर लालजी सिंह भारत में डीएनए फिंगर प्रिंट के जनक थे। उन्होंने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आदिवासियों के डीएनए के सम्बन्ध में काफी अध्ययन किया था।

मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में अध्ययन करते हुए डॉक्टर सिंह ने जो उपलब्धियां हासिल की, वह नई पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है।