मथुरा हादसे को लेकर CM योगी ने जताया दुख, घायलों के समुचित उपचार के दिए निर्देश

punjabkesari.in Monday, Jun 17, 2019 - 08:13 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि पीड़ितों को अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश भी दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में रविवार सुबह नोएडा से आगरा जा रहे 8 लोग यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे का शिकार हो गए, जिससे इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 9 बजे बलदेव थाना क्षेत्र के माइलस्टोन संख्या 140 की सीमा में हुई। जहां नोएडा से आगरा की ओर जा रहे गौतमबुद्ध नगर के श्यामनगर निवासी प्रेमचंद्र शर्मा के परिवार के सदस्यों की वैगन-आर कार (एचआर 30 आर 9721) आगे जा रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। चालक ट्रक को भगा ले गया।

उन्होंने बताया कि इस घटना में प्रेमचंद्र शर्मा की पत्नी नीरज (25), भाई शिवकुमार की पत्नी अनीता (30) व पुत्री अंजलि (13), भांजा विष्णु (25) व करुणा (22) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मथुरा के सुरीर कस्बा निवासी संतोषी (19) ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। 2 अन्य घायलों शालू (20) तथा गब्बर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करा कर उसे परिजनों को सौंप दिए हैं।

Anil Kapoor