गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना को लेकर CM योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, जानिए कब तक पूरा होगा काम

punjabkesari.in Friday, Feb 26, 2021 - 08:37 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अपने सरकारी आवास पर गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना के सम्बन्ध में बैठक की अध्यक्षता करते हुए योगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कहा कि सम्बन्धित मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी मिशन मोड पर काम कर परियोजना के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है, इसलिए गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण से जुड़ी सभी कार्रवाई समयबद्ध ढंग से की जाए। राष्ट्र निर्माण से जुड़ी इस महत्वपूर्ण अवस्थापना परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराकर विकास प्रक्रिया में सक्रिय योगदान देने वाले किसानों को सम्मानित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मैनपावर की व्यवस्था की जाए। जिन जिलों में गंगा एक्सप्रेस-वे की लम्बाई और क्षेत्र ज्यादा है वहां अतिरिक्त मैनपावर की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए कार्मिक उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने मुख्य सचिव तथा सचिव राजस्व को निर्देशित किया कि सम्बन्धित जिलों को आवश्यतानुसार कर्मी प्राथमिकता पर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होने कहा कि भूमि अधिग्रहण में आने वाली समस्याओं का समाधान संवाद से किया जाए। समय पर सही निर्णय लेकर समयबद्ध ढंग से कार्रवाई की जाए। यह सुनिश्चित किया कि भूमि की रजिस्ट्री के समय किसानों को कोई असुविधा न हो। भूमि की रजिस्ट्री के समय कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग भी बनाये रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने मेरठ, हापुड़ सहित अन्य सभी सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारियों को परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का लक्ष्य पूरा करने के लिए अलग से टीम गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्य तेजी से किया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने भी भूमि अधिग्रहण के सम्बन्ध में जनपदों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अरविन्द कुमार, राजस्व सचिव संजय गोयल सहित यूपीडा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static