UP बोर्ड परीक्षा में सफल 1660 मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी

punjabkesari.in Saturday, May 26, 2018 - 07:28 PM (IST)

लखनऊः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 मई को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट परीक्षा 2018 में उत्तीर्ण 1660 मेधावियों को सम्मानित करेंगे। 

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1660 मेघावियों को डॉ0 राम मनोहर विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में सम्मानित करेंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहले ही एलान कर चुके हैं कि मेधावियों के गांवों को पक्की सड़क से जोड़ा जाएगा। इसके लिए हर जिले के हाईस्कूल तथा इंटरमीडियेट में टॉप करने वाले दस-दस मेधावियों को आमंत्रित किया जा रहा है। सभी 75 जिलों में ऐसे मेधावियों की तादाद 1660 है।  

सूत्रों ने बताया कि मेधावियों को किस प्रकार का सम्मान दिया जाएगा इसके बारे में अभी मंथन चल रहा है। वहीं दूसरी ओर मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी(सपा) ने अपने शासनकाल के दौरान छात्र-छात्राओं को लैपटाप बांटने का निर्णय लिया है। सपा सूत्रों ने बताया कि राज्य के 75 में से हर एक से 11 मेधावियों को चुना जायेगा और उन्हे लैपटाप देकर सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2012 में सपा सरकार ने इंटर की परीक्षा में उत्तीण छात्रों को लैपटाप बांटा था। भाजपा ने 2017 के चुनाव में छात्रों को लैपटाप बांटने की घोषणा की थी लेकिन अभी तक वायदा नही निभाया।  
 

Ruby