लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार अयोध्या पहुंचे CM योगी- भगवान राम की प्रतिमा का किया अनावरण

punjabkesari.in Friday, Jun 07, 2019 - 03:27 PM (IST)

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या में भगवान राम की आदमकद काष्ठ प्रतिमा का अनावरण किया। योगी ने अयोध्या शोध संस्थान के तुलसी स्मारक भवन में 7 फीट की कोदंड राम की आदमकद काष्ठ प्रतिमा का उद्घाटन किया।

जानकारी मुताबिक करीब 35 लाख रूपए की लागत वाली प्रतिमा का निर्माण कर्नाटक की कावेरी स्टेट आट्र्स इम्पयोरियम में किया गया है। भगवान राम की प्रतिमा को काष्ठ कला की एक दुर्लभ कृति माना जा रहा है। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष एवं मणिराम दास छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास से भेंट कर आशीर्वाद लिया। इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने दिगम्बर अखाड़ा के महंत सुरेश दास से भी भेंट की थी।

उल्लेखनीय है कि अयोध्या के संत-धर्माचार्यों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सरयू को प्रदूषण मुक्त करने की योजना के अलावा राम की पौड़ी में अनवरत अविरल जल प्रवाह की योजना की मंजूरी दी थी। यह दोनों ही योजनाएं निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही रामायण सर्किट योजना में राम की पैड़ी योजना का सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इस कार्य का निरीक्षण भी करेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ का अयोध्या का दसवां दौरा है।

Anil Kapoor