CM योगी ने गोरखपुर में किया कल्याण मंडपम का लोकार्पण, कहा- ‘अब फाइव स्टार सुविधाओं से युक्त होंगे गरीबों के मांगलिक कार्यक्रम’
punjabkesari.in Thursday, Feb 13, 2025 - 10:37 PM (IST)

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब गरीबों और आर्थिक दृष्टि से निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के कार्यक्रम भी फाइव स्टार सुविधाओं से युक्त होंगे और कल्याण मंडपम इसका माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के पहले कल्याण मंडपम का आज उद्घाटन हो रहा है और अगले कुछ माह में सात नए कल्याण मंडपम भी बनकर तैयार हो जाएंगे। इनमें से पांच कल्याण मंडपम के लिए धनराशि उन्होंने अपनी विधायक निधि से दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों के लिए कल्याण मंडपम की बुकिंग मात्र 11 हजार रुपये में करने के निर्देश नगर निगम को दिए गए हैं।
11 हजार रुपये में फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं
बता दें कि मुख्यमंत्री ने गुरुवार को खोराबार में नगर निगम की ओर से बनाए गए महानगर के पहले कल्याण मंडपम के लोकार्पण के साथ ही निगम की 102.71 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें 76.40 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास व 26.31 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर का कल्याण मंडपम प्रदेश के सभी जिलों के लिए लोकप्रिय मॉडल बनेगा, जहां गरीब बेटियों के विवाह समेत अन्य मांगलिक कार्यक्रम के लिए सिर्फ 11 हजार रुपये में फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों और अन्य सामान्य कर्मचारियों की बेटियों के विवाह के लिए भी इतनी ही धनराशि में कल्याण मंडपम बुक हो जाएगा।
कल्याण मंडपम में 500 लोगों की क्षमता तक के मांगलिक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक निधि से उन्होंने पांच कल्याण मंडपम के लिए पैसा दिया है। गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में सात कल्याण मंडपम बनाए जा रहे हैं जो अगले कुछ महीनों में उपलब्ध हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन कल्याण मंडपम में 500 लोगों की क्षमता तक के मांगलिक कार्यक्रम सुविधाजनक ढंग से संपन्न हो सकेंगे।