CM Yogi ने जनता दर्शन में सुनी 500 लोगों की फरियाद, कहा- 'जन समस्याओं के समाधान में ढिलाई न बरतें अधिकारी'

punjabkesari.in Saturday, Mar 09, 2024 - 02:06 PM (IST)

Janta Darbar: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गोरखपुर दौरे पर है। यहां पर उन्होंने आज यानी शनिवार को गोरखपुर मंदिर में दर्शन पूजन किया और इसके बाद जनता दरबार लगाया। सीएम ने इस जनता दरबार में पहुंचे लोगों की समस्या सुनीं और उनकी समस्या का जल्द समाधान करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हिदायत दी कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही न बरती जाए और इस बात पर बल दिया कि जन समस्याओं को हल करना तथा उसका त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है।


किसी के साथ नहीं होगा अन्यायः सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में आए करीब 500 लोगों की शिकायतें सुनीं और सभी को आश्वस्त किया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर किसी की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने अधिकारियों को यह हिदायत भी दी कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोर वर्ग को धमकाने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ेंः आज काशी दौरे पर आएंगे PM Modi, करेंगे सबसे बड़ा रोड शो; पुष्प वर्षा के साथ होगा भव्य स्वागत


सीएम ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
जनता दरबार में पहुंचे कई लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष इलाज के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराने की गुहार भी लगाई। उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इसके लिए पूरी मदद करेगी। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी के साथ भी नाइंसाफी नहीं होनी चाहिए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उनकी मदद की जाए। सीएम ने लोगों की समस्याएं सुनने के बाद अधिकारियों को ये निर्देश दिए। 

Content Editor

Pooja Gill