CM योगी ने राज्यपाल से की मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज

punjabkesari.in Sunday, Aug 18, 2019 - 04:32 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। बैठक लगभग आधा घंटा चली।

ओबीसी नेता एवं प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही मंत्रिपरिषद में फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई थीं। बीजेपी के 'एक व्यक्ति एक पद' सिद्धांत के अनुसार सिंह मंत्री पद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद पर एक साथ नहीं रह सकते। सिंह इस समय परिवहन राज्य मंत्री हैं।

बीजेपी की राज्य इकाई के एक नेता ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही मंत्रिपरिषद में फेरबदल की संभावनाएं तेज हो गई थीं। सरकार के 3 मंत्री एसपी सिंह बघेल आगरा, रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद और सत्यदेव पचौरी कानपुर से लोकसभा सांसद निर्वाचित हुए हैं। सुभासपा नेता एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर को सीएम ने मंत्रिपरिषद से हटा दिया था।

मंत्रिपरिषद में फेरबदल मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री सहित कुल 43 मंत्री हैं। कुल 18 कैबिनेट मंत्री हैं, 9 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 13 राज्य मंत्री हैं। दो उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं दिनेश शर्मा हैं।

Deepika Rajput