CM योगी ने NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मु से की मुलाकात, आज करेंगी नामांकन

punjabkesari.in Friday, Jun 24, 2022 - 11:26 AM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी की संसदीय दल की बैठक के बाद राष्ट्रपति चुनाव के लिए NDA की तरफ से झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम दिल्ली में राष्ट्रपति पद के लिए NDA की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से 11 अकबर रोड पहुंच कर शिष्टाचार भेंट की। बता दें कि अगर द्रौपदी मुर्मू जीतती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होने के साथ देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी।

बता दें कि द्रौपदी मुर्मू आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नेड्डा और सीएम योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी शासित राज्यों के अन्य मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, वह 12 बजे संसद भवन में अपना नामांकन करेंगी।

मुर्मू आज प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। वहीं विपक्ष की ओर से उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को नामांकन कर सकते हैं। बता दें कि राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj