यमुना एक्सप्रेस वे पर हुई दुर्घटना पर CM योगी ने जताया दुख

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2020 - 03:23 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश भी दिए हैं। आज सुबह यमुना एक्सप्रेस वे पर हुई दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई तथा दस घायल हो गए हैं।

बता दें कि मथुरा जिले के जमुनापार क्षेत्र में आज सुबह यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार कैंटर ने सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य दस घायल हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने यहां यह जानकारी दी।

राय ने बताया कि एक निजी बस कटिहार (बिहार) से दिल्ली की ओर जा रही थी। यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 105 के पास बस का डीजल खत्म होने के कारण चालक ने उसे एक्सप्रेस वे पर सड़क किनारे खड़ी कर दिया। सुबह करीब 7 बजे आगरा की तरफ से आ रहे कैंटर ने खड़ी बस में टक्कर मार दी। जिससे बस पर सवार तीन और कैंटर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गयी है। हादसे में दस लोग घायल हो गए। जिनमें दो मामूली रुप से घायल हैं जबकि 8 घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों में मोहम्मद रमजान, गोपाल और मोहम्मद शमशेर तीनों बस पर सवार थे जबकि विजय टैंकर पर सवार था। घायलों में दो की हालत गंभीर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static