महाशिवरात्रि पर गोरखनाथ मंदिर में CM योगी ने किया रुद्राभिषेक, की विश्व कल्याण की कामना

punjabkesari.in Saturday, Feb 18, 2023 - 04:57 PM (IST)

गोरखपुर: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने गोरक्षपीठाधीश्वर की भूमिका में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने देवाधिदेव भगवान शिव से संपूर्ण विश्व के कल्याण, उद्धार, समृद्धि एवं शांति के लिए प्रार्थना की। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री ने खुद ट्वीट कर दी है।



बता दें कि महाशिवरात्रि के पर्व के चलते मुख्यमंत्री सबसे पहले अपने आवास से निकलने के बाद बाबा गोरखनाथ के दरबार पहुंचे। जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ बाबा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद सीएम अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर गए और उनका आशीर्वाद लिया।

इसके साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने आधा घंटा गोशाला में गुजार और फिर उन्होंने अपने पालतू कुत्ते गुल्लू के साथ कुछ समय बिताया।



इसके बाद मुख्यमंत्री रुद्राभिषेक के लिए अपने आवास के शक्तिपीठ में पहुंचे। जहां आचार्य गण पहले से तैयारी के साथ बैठे थे। उन्होंने कक्ष के पास स्थापित शक्तिपीठ पर लोक कल्याण के लिए रुद्राभिषेक किया। दरअसल सीएम ने आचार्य अरविंद त्रिपाठी व आचार्य रामानुज के नेतृत्व में मंत्रोच्चार किया और फिर मंत्रोच्चार के बीच ही रुद्राभिषेक शुरू किया गया। रुद्राभिषेक के लिए दूध, आम्र रस, गन्ने का रस के अलावा अन्य कई फलों का रस रखा गया था। इस दौरान मंदिर परिसर की सुरक्षा में बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहे।

Content Editor

Harman Kaur