एक दिवसीय दौरे पर महाराष्ट्र पहुंचे CM योगी, बोले- हम सभी को सनातन धर्म पर गौरव की अनुभूति करनी चाहिए
punjabkesari.in Monday, Jan 30, 2023 - 04:39 PM (IST)

लखनऊ (अश्वनी कुमार सिंह) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 1 दिवसीय महाराष्ट्र दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने जलगांव में अखिल भारतीय हिंदू गोर, बंजारा व लबाना-नायकडा समाज के कुंभ-2023' में शिरकत करते हुए कहा कि सनातन धर्म का अर्थ है मानव धर्म, वसुधैव कुटुंब का उद्घोष सनातन धर्म करता है। सनातन धर्म के साथ छेड़छाड़ करना, मानवता के जीवन के साथ खिलवाड़ करना है।
हम सनातन धर्म मे जन्म लिए है ये गौरव की बात
महाराष्ट्र के जलगांव में अखिल भारतीय हिंदू गोर, बंजारा व लबाना-नायकडा समाज के कुंभ-2023' में जनसभा को संबोधित करते हुए CM योगी ने कहा कि भारत मे जन्म लेना दुर्लभ है और उसमें भी मनुष्य जन्म में लेना बहुत सौभाग्य की बात है। हमने विश्व के सबसे प्राचीन सनातन धर्म में जन्म लिया है। यह हमारे लिए गौरव की बात हैं। सनातन धर्म का अर्थ है मानव धर्म, सनातन धर्म वसुधैव कुटुंब का उद्घोष करता है। सनातन धर्म के साथ छेड़छाड़ करना मानवता के जीवन के साथ खिलवाड़ करना है।
राष्ट्रांतरण की कुत्सित मंशा कभी पूरी नहीं होगी
जनसभा को संबोधित करते हुए CM योगी ने देश में चोरी छिपे चल रहे धर्मांतरण के मुद्दे पर कहा कि जो लोग अवैध धर्मांतरण के माध्यम से राष्ट्रांतरण की कुत्सित मंशा के साथ भारत के अंदर कार्य करना चाहते है। उनकी मंशा कभी नहीं पूरी हो सकती क्योंकि ये देश और सनातन समाज जागृत हो चुका है। वह अब अपने अधिकारों के लिए उठ खड़ा हुआ है। मैं अयोध्या से आ रहा हूं, वहां अब 500 वर्षो का इंतजार अब समाप्त हो गया है। भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण अब अपने अंतिम दौर में हैं। अगले वर्ष रामलला अपने मंदिर में स्थापित हो जाएंगे। आपने देखा ही होगा कि कैसे BJP की सरकार ने काशी विश्वनाथ का पुर्न निर्माण का कार्य किया। जहां पहले 5 फिट की गली होती थी। अब 50 फीट का गलियारा बन गया है।
भारत सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा इसमें संदेह नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत ब्रिटेन को छोड़कर 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। बहुत जल्द आने वाले वर्षो में यह चौथी, तीसरी, दूसरी और फिर सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इसमे कोई संदेह नही होना चाहिए। आजादी के अमृत वर्ष में विश्व के 20 बड़े देशों का नेतृत्व हमारा देश आज G20 के माध्यम से कर रहा है। यह वहीं G20 देश हैं जो विश्व की महाशक्ति हैं। यह नेतृत्व भारत की बढ़ती हुई शक्ति को दिखाता है। राष्ट्रपति के मुगल गॉर्डन का नाम अब अमृत उद्यान हो गया है। यहीं अपनी विरासत का सम्मान है।