सीएम योगी पहुंचें अयोध्या, दीपोत्सव की तैयारियों का  लिया जायजा

punjabkesari.in Wednesday, Oct 19, 2022 - 04:25 PM (IST)

लखनऊ: 23 अक्टूबर को दिवाली के मौके पर होने वाले दीपोत्सव में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ तैयारियों का जायजा लेने के लिए अयोध्या दौरे पर आए थे। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ पहले आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद बैठक कर सारे कामों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

रामलला का दर्शन करेंगे सीएम
अपने अयोध्या दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने तय कार्यक्रम के अनुसार भगवान राम के दर्शन के लिए भी जाएंगे। यहां वह भगवान राम की पूजा करने के साथ ही राम मंदिर निर्माण की प्रगति को भी देखेंगे। वह रामकथा पार्क कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। राम की पैड़ी पर दीपोत्सव स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद वह अंतर्राष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में आयोजित दीपोत्सव की तैयारी की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक के बाद वह रामकथा पार्क से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। सीएम लगभग तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे।

डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने अयोध्या दौरे पर डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचे उनका हेलीकॉप्टर राम कथा पार्क हेलीपैड पर उतरा। यहां से वो साकेत डिग्री कॉलेज पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया। साकेत डिग्री कॉलेज में तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। जहां प्रधानमंत्री उतरेंगे का हेलीकॉप्टर उतरेगा।

अयोध्या में जलाए जाएंगे 15 लाख दिये
इस बार दिवाली के मौके पर यूपी सरकार अयोध्या में 15 लाख दीये जलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में भी नाम दर्ज कराएगी। इसके लिए यूपी सरकार ने 17 लाख दीयों का ऑर्डर भी दे दिया है। इसके साथ ही लेजर शो और डिजिटल आतिशबाजी का भी कार्यक्रम है। 

Content Writer

Imran