CM योगी बोले- ‘मिशन शक्ति अभियान'' का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा, इसे और गति देने की जरूरत

punjabkesari.in Friday, Jul 30, 2021 - 07:18 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति अभियान' का समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। योगी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मसम्मान के लिए समाज और जागरूक हो रहा है। महिला स्वावलम्बन की दिशा में क्रियान्वित विभिन्न कार्यक्रमों के सकारात्मक नतीजे मिल रहे हैं। इसलिए आवश्यक है कि मिशन शक्ति को और गति प्रदान की जाए।      

मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर मिशन शक्ति की अब तक की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर उनके समक्ष मिशन शक्ति के तृतीय चरण को लागू किये जाने के सम्बन्ध में एक प्रस्तुतीकरण किया गया। योगी ने ‘1090' विमेन पावर लाइन पर दर्ज होने वाली शिकायतों के निस्तारण के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि इनका प्रभावी निस्तारण शिकायतकर्ता महिला/बालिका की संतुष्टि के अनुरूप किया जाए। साथ ही, उससे नियमित अन्तराल पर फीडबैक भी लिया जाए। उन्होंने प्रदेश के थानों में महिला पुलिसकर्मियों को बीट इंचार्ज बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए महिला सिपाहियों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने महिलाओं की सहायता के लिए थानों में स्थापित की गई हेल्पडेस्क को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।      

योगी ने कहा कि अपनी समस्या लेकर थाने आने वाली महिलाओं/बालिकाओं को वहां स्थापित महिला हेल्पडेस्क के माध्यम से पूरी मदद मिलनी चाहिए। उन्होंने मिशन शक्ति के लिए महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को सक्रिय एवं प्रभावी सहयोग देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख सचिव महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग श्रीमती हेकाली झिमोमी से विभाग द्वारा मिशन शक्ति तथा महिला सशक्तीकरण के सम्बन्ध में किये जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।       

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में सीसीटीवी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। अत: अब तक स्थापित किये गये सभी सीसीटीवी को प्रभावी बनाते हुए इन्हें आपस में लिंक किया जाए। साथ ही, निजी क्षेत्र के आस्थानों, मॉल्स, कार्यालयों इत्यादि में स्थापित सीसी कैमरों को भी जोड़ा जाए। इसके लिए प्राइवेट सीसी कैमरा मालिकों का सहयोग प्राप्त किया जाए। उन्होंने सड़कों पर समुचित मार्ग प्रकाश की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गृह विभाग मिशन शक्ति का नोडल विभाग होगा और प्रत्येक स्तर पर मिशन शक्ति के क्रियान्वयन की समीक्षा यही विभाग करेगा। उन्होंने मिशन शक्ति के सम्बन्ध में किये गये प्रस्तुतीकरण को देखने के उपरान्त इस अभियान में जोड़े गए विभागों की संख्या को 05 से 07 तक सीमित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर विकास, महिला कल्याण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग जैसे प्रमुख विभागों को ही मिशन शक्ति में शामिल किया जाए। मिशन शक्ति की सफलता के लिए यह सभी विभाग अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए कुशलता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static