‘मिशन शक्ति'' पर बोले CM योगी- गांव से लेकर महानगरों तक हो बेटियों की गूंज

punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2020 - 08:48 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायतों,नगर निकायों की महिला जनप्रतिनिधियों, अध्यापिकाओं से ‘मिशन शक्ति' के तहत महिलाओं,बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान व स्वावलम्बन के लिए संचालित किए जा रहे जागरुकता अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया है।   

योगी ने कहा कि बदलते दौर में एक बार फिर ‘गांव की बेटी सबकी बेटी' के भाव को जगाने की जरूरत है। यह हमारी संस्कृति और संस्कार हैं। गांव से लेकर महानगरों तक इसकी गूंज होनी चाहिए। उन्होंने ने कहा है महिला सुरक्षा व सम्मान को सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वावलंबन के लिए केंद्र व राज्य सरकार सतत प्रयास कर रही है, इसमें पूर्ण सफलता महिलाओं के सहयोग और जागरूकता से ही मिल सकेगी।       

बता दें कि मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर ‘मिशन शक्ति' अभियान के तहत पंचायतों व नगर निकायों की महिला जनप्रतिनिधियों व शिक्षिकाओं से वर्चुअल संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस वर्चुअल संवाद से एक लाख से अधिक महिला जनप्रतिनिधि, शिक्षिकाएं आदि जुड़ी थीं। इस अवसर पर सीएम बस्ती, बलिया, बाराबंकी, बिजनौर जिले की महिला जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया।

उन्होंने बस्ती नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष रूपम मिश्रा, महिला ग्राम प्रधान वर्षा सिंह, बलिया की ग्राम प्रधान श्रुति सिंह, बाराबंकी की महिला ग्राम प्रधान प्रकाशिनी जायसवाल,  महज़बीं, बिजनौर की महिला ग्राम प्रधान श्रीमती संजूरानी से संवाद किया। उन्होंने महिला जनप्रतिनिधियों से उनके द्वारा अपने क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के सम्बन्ध में कराए गए कार्यों के विषय में जानकारी प्राप्त की।        

Moulshree Tripathi