दलित महिला मजदूर के ब्लॉक प्रमुख बनने पर बोले CM योगी- यही है नये भारत का नया UP

punjabkesari.in Monday, Jul 12, 2021 - 09:01 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश बहराइच जिले के पयागपुर विकासखंड से निर्विरोध क्षेत्र पंचायत प्रमुख चुनी गईं एक दलित मजदूर को आज सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी। उधर, भदोही जिले में भी मनरेगा के तहत काम करने वाली महिला मजदूर को सुरयावा ब्लॉक प्रमुख के पद पर निर्विरोध चुना गया है। मुख्यमंत्री ने महिला मजदूर के क्षेत्र पंचायत प्रमुख बनने की खबर को टैग करते हुए ट्वीट किया, ''नये उत्तर प्रदेश में मातृशक्ति का सशक्तिकरण।'' उन्होंने आगे लिखा, '' एक मनरेगा मजदूर की पत्नी 'क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष' निर्वाचित हो गई, यही है लोकतंत्र की सुंदरता। जीविका के लिए खेती व मजदूरी पर निर्भर गीता जी पहली बार क्षेत्र पंचायत सदस्‍य बनी थीं। यह है नये भारत का नया उत्तर प्रदेश।''

सीएम योगी ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, '' उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार, आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मंत्र 'सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास' को निरंतर चरितार्थ कर रही है। गीता जी का क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष बनना प्रदेश की भाजपा सरकार की वंचित वर्ग के सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।'' वहीं, वहीं, बहराइच से मिली रिपोर्ट के अनुसार, बेलवा पदुम निवासी गीता देवी शनिवार को निर्विरोध क्षेत्र पंचायत प्रमुख चुनी गईं। उनके पति पवन कुमार मनरेगा जॉब कार्ड धारक हैं और गांव में मजदूर के रूप में काम करते हैं। गांव में उनके पास चार बीघा कृषि भूमि और एक कमरे वाला घर है। गीता 12वीं पास हैं और रोजी-रोटी कमाने के बाद बचे समय में सामाजिक कार्य करती हैं और कोरोना महामारी के दौरान जनसेवा के लिए किए गए कार्यों के लिए प्रसिद्ध हैं। गीता को क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में निर्विरोध चुना गया और बाद में निर्विरोध क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुना गया।

Content Writer

Moulshree Tripathi