धान खरीद में गड़बड़ी को लेकर CM योगी सख्त, प्रभारियों को गिरफ्तार करने के दिए निर्देश

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2020 - 03:46 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धान खरीद में गड़बड़ी को लेकर सख्त एक्शन लिया है। दरअसल, उत्तर प्रदेश में हाल ही में धान खरीद के दौरान कई अनियमितताओं की शिकायत आई थी। आठ केंद्र प्रभारियों सहित 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही सीएम योगी ने धान खरीद में गड़बड़ी करने वाले हर शख्स को गिरफ्तार कर जेल भेजने के निर्देश दिए हैं।

किसानों ने आरोप लगाया था कि उनकी उपज का उचित मूल्य उन्हें नहीं मिल पा रहा है। मंडियों के बाहर प्राइवेट व्यापारियों के लोग किसानों को बहला-फुसलाकर विभिन्न दामों पर धान खरीद रहे हैं। जिसके बाद प्रियंका गांधी ने भी प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला था। प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा था कि सरकार उत्तर प्रदेश में किसानों को धान का वाजिब मूल्य दिलाने में नाकाम है। वहीं, अब उत्तर प्रदेश में धान खरीद को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य में किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए डीएम भी जिम्मेदार होंगे।

इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक की और निर्देश दिया कि किसानों के धान की समय से खरीद हो। साथ ही उन्हें इसका उचित मूल्य मिले, ये जिम्मेदारी जिलाधिकारी की होगी। धान खरीद में लापरवाही बरतने वाले जिलाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।


 

Tamanna Bhardwaj