CM योगी ने मंत्रियों संग ली विधान परिषद की सदस्यता की शपथ

punjabkesari.in Monday, Sep 18, 2017 - 12:04 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, परिवहन राज्य मंत्री(स्वतन्त्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री मोहसिन रजा ने आज राज्य विधान परिषद की सदस्यता की शपथ ली।
                 
विधान भवन के तिलक हाल में आयोजित सादे शपथ ग्रहण समारोह में विधान परिषद के सभापति रमेश यादव ने निर्विरोध चुने गए पांचो सदस्यों को शपथ दिलाई। 5 में से 4 को गत 8 सितम्बर को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया था जबकि एक मोहसिन रजा के निर्वाचित होने की घोषणा11 सितंबर को की गई थी। मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और दोनों मंत्रियों को 19 सितंबर से पहले विधानमंडल के दोनों सदनों में से किसी एक का सदस्य बनना जरुरी था।
                 
विधान परिषद की 4 सीटें समाजवादी पार्टी के बुक्कल नवाब, यशवंत सिंह, सरोजनी अग्रवाल और डा. अशोक बाजपेयी तथा एक सीट बसपा के ठाकुर जयवीर सिंह के इस्तीफे से खाली हुई थी। इस्तीफे के बाद यह पांचों ही भाजपा में शामिल हो गए थे।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यशवंत सिंह द्वारा खाली की गई सीट पर जबकि उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने अशोक बाजपेई, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुक्कल नवाब, स्वतंत्र देव सिंह ने डा. सरोजनी अग्रवाल तथा मोहसिन रजा ने ठाकुर जयवीर सिंह द्वारा खाली गई सीट पर नामांकन पत्र दाखिल किया था।
                
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य फूलपुर लोकसभा सीट से सांसद भी हैं। विधान परिषद की सदस्यता की शपथ लेने के 14 दिनों के अन्दर उन्हें लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। डा. दिनेश शर्मा, स्वतंत्र देव सिंह और मोहसिन रजा किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे। डा. शर्मा पहली बार किसी सदन के सदस्य बने है। डा. शर्मा दो बार लखनऊ के मेयर रह चुके हैं, लेकिन विधानमंडल के दोनों सदनों या संसद का चुनाव अभी तक नहीं लड़ा था। मंत्री मोहसिन रजा भी पहली बार किसी सदन के सदस्य बने है।