CM योगी ने प.दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा का किया अनावरण, कहीं ये बातें

punjabkesari.in Tuesday, Sep 25, 2018 - 06:00 PM (IST)

आगराः सीएम योगी और राज्यपाल रामनाईक मंगलवार प.दीन दयाल उपाध्याय की  102वीं जयंती पर आगरा के डॉ. भीम राव आंबेडकर विवि पहुंचे। यहां उन्होंने प.दीन दयाल की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही दीनदयाल ग्राम विकास संस्थान के नए भवन का लोकार्पण किया। सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय का मानव दर्शन इस बात के लिए प्रेरित करता है कि विचार कभी मरता नहीं है। आज से छह दशक पूर्व उन्होंने गांव, गरीब और किसान को मुख्य धारा से जोडऩे की जो विचारधारा समाज को दी थी आज उसी विचारधारा का अनुपालन किया जा रहा है। 

योगी ने कहा कि पंडित जी के विचारों से प्रेरित होकर ही समाज के अंतिम पायदान तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाने का काम किया जा रहा है। पिछले चार सालों में मोदी सरकार ने लोक कल्याणकारी योजना पंडित जी के विचारों से प्रेरित होकर पूरी कीं। इस मौके पर सीएम ने आंबेडकर विवि के गौरवशाली इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1940 में गोरखपुर का महाराणा प्रताप कॉलेज भी आगरा विवि से सम्बद्ध था, जोकि आज गोरखपुर विवि के नाम से जाना जाता है। आंबेडकर विवि निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है लेकिन अभी बहुत कुछ करना है। कुलपति के साथ एक टीम होनी चाहिए। इस काम को कुलपति अकेले नही कर सकते।

उन्होंने कहा कि इसी विवि से पूर्व राष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री निकले। बाबा साहेब अम्बेडकर के विचारों पर शिक्षा व्यवस्था को चलना चाहिए। उन्होंने गोरखपुर विवि में लगाई गई पं. दीन दयाल की प्रतिमा की भी सराहना की। कहा कि गोरखपुर विवि में भी प्राचार्य ने पंडित दीनदयाल की प्रतिमा लगाई है। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, बेसिक, माध्यमिक, प्राविधिक और चिकित्सा शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, एस सी आयोग के अध्यक्ष राम शंकर कठेरिया, सांसद बाबूलाल, विधायक जगन प्रसाद गर्ग और कुलपति डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित भी मौजूद रहे।   

वहीं राज्यपाल रामनाईक ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय जैसे व्यक्ति कभी कभी ही जन्म लेते हैं। उनके विचार पचास साल बाद भी जीवंत और अजेय हैं। उन्होंने  अंत्योदय आंदोलन के प्रणेता पंडित दीन दयाल उपाध्याय को महान व्यक्तित्व कहा। 
 

Ruby