आज Kanpur दौरे पर रहेंगे CM Yogi, इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल; 2027 चुनाव की बनेगी रणनीति?

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 10:25 AM (IST)

Kanpur news: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी 6 मार्च को कानपुर दौरे पर रहेंगे। सीएम सुबह 11 बजे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) परिसर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। वह यहां पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय, नवाबगंज में संघ परिवार के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। सीएम के दौरे के मद्देनजर गुरुवार को यहां पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कार्यक्रम स्थल में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। 

बैठक में ढाई घंटे तक रहेंगे मौजूद 
सीएम योगी संघ और भाजपा की अहम समन्वय बैठक में करीब ढाई घंटे तक मौजूद रहेंगे। इसके बाद वह वापस लखनऊ लौट जाएंगे। इस ढाई घंटे की बैठक को 2027 के चुनावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इसमें मुख्य रूप से प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक माहौल और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की रणनीति बनाई जाएगी। 

संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतकर्ता बरतने के दिए निर्देश
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी हिस्सा लेंगे, जिनका स्वागत भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी जाजमऊ पुल पर करेंगे। इस सिलसिले में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कल निरीक्षण के दौरान हेलीपैड परिसर, आगमन व प्रस्थान मार्ग, पाकिर्ंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, सुरक्षा घेरा तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतकर्ता बरतने के निर्देश दिए।        

पुलिस आयुक्त ने दिए निर्देश   
पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, एंटी-सैबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस उपायुक्त अभिसूचना, स्टाफ ऑफिसर तथा सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static