उत्तराखंड दौरा: सीएम योगी निभाएंगे अपनी मां से किया वादा, एक लंबे समय बाद जाएंगे अपने पैतृक गांव

punjabkesari.in Monday, May 02, 2022 - 12:57 PM (IST)

लखनऊ: यूपी में दोबारा मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले योगी आदित्यनाथ एक लंबे समय के बाद अपने गांव जाएंगे। आदित्यनाथ कोरोना संक्रमण काल के दौरान 20 अप्रैल 2020 को पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन के बाद उनके अंतिम दर्शन करने अपने पैतृक गांव नहीं जा सके थे। इतना ही नहीं उनका गांव न जाने का काफी अफसोस हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपनी मां को पत्र लिखकर वादा किया कि वह अपने पैतृक गांव जरुर आएंगे। 

योगी आदित्यनाथ के मूल गांव पंचुर में उनकी मां सावित्री देवी, बड़े भाई मानवेन्द्र सिंह बिष्ट और छोटे भाई महेन्द्र सिंह बिष्ट का परिवार रहता है। इससे पहले योगी आदित्यनाथ 11 फरवरी 2017 को आखिरी बार अपने घर गए थे। तब से उनकी मां और स्वजन उनसे मिलने का इंतजार कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर भी अपने पैतृक गांव नहीं जा पाए थे। बहन शशि पयाल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा 2022 का चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की थी। योगी आदित्यनाथ ने उनसे वादा किया कि शपथ ग्रहण करने के बाद समय मिलते ही वह एक बार सबसे मिलने गांव आएंगे।

बता दें कि सीएम योगी कल से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वह अपने गृह ब्लाक यमकेश्वर के बिथ्याणी के गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।  इसके साथ ही वह पांच मई को हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के पर्यटक आवास गृह का उद्घाटन करेंगे।
 

Content Writer

Imran