CM योगी आज रात वाराणसी में अधिकारियों व BJP पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक

punjabkesari.in Monday, Dec 21, 2020 - 04:26 PM (IST)

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार रात वाराणसी के शहरी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लेंगे और भारतीय जनता (भाजपा) पदाधिकारियों के साथ बैठक कर नये कृषि कानूनों के मद्देनजर उनसे पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा कर सकते हैं।       

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री करीब छह घंटे के वाराणसी प्रवास पर शाम करीब पांच बजे आएंगे। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान वह आगामी महीनों में प्रस्तावित पंचायत चुनावों के मद्देनजर वाराणसी मंडल के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।       

उन्होंने बताया कि योगी मंडल के भारतीय जनता पाटर्ी (भाजपा) के प्रमुख पदाधिकारियों, सांसद एवं विधायकों के साथ बैठक करेंगे जिसमें नये केंद्रीय कृषि कानूनों के मद्देनजर राज्य में पंचायत चुनावों लेकर गहन चर्चा किये जाने की संभावना है।       

मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद यहां चल रहे कॉरिडोर निर्माण का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा ले सकते हैं। लखनऊ लौटने से पहले वह बेसहारा लोगों के सर्दी से बचाव के लिए किये गये सरकारी उपायों की समीक्षा एवं उनके शिविरों का स्थालीय निरीक्षण कर सकते हैं।

Umakant yadav