Holi 2022: CM योगी भक्त प्रहलाद की आरती कर शोभायात्रा का करेंगे शुभारंभ, आज रात जलेगी होलिका

punjabkesari.in Thursday, Mar 17, 2022 - 12:25 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हर बार की तरह इस  बार भी परंपरागत रुप से होलिका दहन मनाया जाएगा। दहन से पूर्व होलिका दहन उत्सव समिति के तत्वावधान में पांडेयहाता से लगभग शाम 4 बजे के बाद होलिका व भक्त प्रहलाद की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भक्त प्रहलाद की आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ करेंगे। 

होलिका दहन उत्सव समिति के संगठन मंत्री आशीष गुप्ता ने बताया कि तैयारी पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समिति के सदस्य उत्साहित हैं। विशिष्ट अतिथि ग्रामीण विधायक विपिन सिंह व भजन गायक नंदू मिश्रा होंगे। भजनों की गूंज व रंगोत्सव के बीच शोभायात्रा पांडेयहाता से शुरू होगी, जो घंटाघर मदरसा चौक, लालडिग्गी, मिर्जापुर, घासीकटरा, जाफरा बाजार, ईदगाह रोड, चरनलाल चौक, आर्यनगर, बक्शीपुर, नखास चौक, रेती चौक, घंटाघर, नार्मल चौक होते हुए पांडेयहाता चौक पहुंचकर समाप्त होगी। रात 12.57 बजे के बाद होलिका जलाई जाएगी। 

वहीं, इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने पांडेयहाता में होलिका दहन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है। 
 

Content Writer

Imran