दीपावली के दिन 3 लाख दीपों से सरयू पर आरती करेंगे योगी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 30, 2018 - 04:13 PM (IST)

अयोध्याः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में देव दीपावली के दिन 3 लाख दीपों से सरयू तट पर आरती करेंगे। मंडालायुक्त मनोज मिश्र एवं जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाठक ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी में दीपावली 3 दिन तक मनाई जाएगी। दीपावली के दिन सरयू तट 3 लाख दीपों से जगमगाएगा।  

उन्होंने बताया कि 6 नवंबर को मुख्यमंत्री सरयू तट पर आरती करेंगे। 4 को रामायण के अलग-अलग प्रसंगों पर कार्यक्रम और 5 को बॉलीवुड की प्रख्यात सिनेमा गायिका अनुराधा पौडवाल का भजन कार्यक्रम और 6 नवंबर को दीपोत्सव पर्व का आखिरी दिन रहेगा। कार्यक्रम में देश के साथ-साथ विदेशों से भी विशिष्टजन उपस्थित रहेंगे। भगवान राम, लक्ष्मण व सीता के स्वरूप का मुख्यमंत्री स्वागत करेंगे और हेलीकॉप्टर से अयोध्या नगरी में पुष्प वर्षा भी होगी। 6 नवंबर को दीपोत्सव का मुख्य आयोजन होगा, जिसमें अपरान्ह एक बजे से चार बजे तक प्रभु श्रीराम के विभिन्न लीलाओं की 15 झांकियां कामता प्रसाद सुन्दरलाल साकेत महाविद्यालय से निकलकर मुख्य कार्यक्रम स्थल रामघाट पार्क पहुंचेगी। 11 झांकियों में स्थानीय कलाकार तथा 4 झांकियों में विदेश से आए कलाकार शोभा बढ़ाएंगे।

पाठक ने बताया कि अपरान्ह 2 बजे क्वीन हो मेमोरियल के निकट कोरिया सांस्कृतिक दल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। 3 बजे रामकथा संग्रहालय में राम बाजार का उद्घाटन होगा, जिसमें अयोध्या शोध संस्थान में हस्त शिल्प प्रदर्शनी, रामायण, रामकथा से संबंधित पुस्तक प्रदर्शनी एवं बिक्री व राम वन गमन की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 4 बजे रामकथा पार्क से भगवान श्रीराम सीता का हेलीकॉप्टर से अवतरण एवं मुख्यमंत्री द्वारा श्रीराम सीता जी की अगवानी तथा शोभायात्रा व झांकी का अवलोकन तथा प्रतीकात्मक राज्याभिषेक के साथ मुख्यमंत्री का संबोधन नए घाट तथा राम की पैड़ी पर विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों को सम्मानित भी किया जाएगा।   

  

Deepika Rajput