CM योगी ने प्रदेशवासियों को दी बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं, कहा- घर पर ही करें सभी धार्मिक अनुष्ठान

punjabkesari.in Tuesday, May 25, 2021 - 06:59 PM (IST)

लखनऊः  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं लोगों से आंशिक कोरोना कर्फ्यू का पूर्ण पालन करते हुए इस मौके पर सभी धार्मिक अनुष्ठान घर पर ही करने अपील की। आज जारी एक शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा बुद्ध का अहिंसा, करुणा और मैत्री का संदेश सम्पूर्ण मानवता के लिए अमूल्य निधि है। उन्होंने चित्त की शांति तथा हृदय में करुणा की शिक्षा दी। वर्तमान समय में महात्मा बुद्ध के बताये मार्ग पर चलकर विश्व में शांति एवं सछ्वाव का वातावरण सृजित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महात्मा बुद्ध का संदेश मानव मात्र के लिए हमेशा प्रासंगिक बना रहेगा।       

सीएम योगी ने कहा कि महात्मा बुद्ध की शिक्षा हम सभी को जीवन में धर्म का आचरण करने, नैतिक मूल्यों और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित करती है। महात्मा बुद्ध ने विश्व कल्याण के लिए मैत्री भावना तथा बिना किसी भेदभाव के संगठित रहने पर बल दिया। साथ ही, अतीत या भविष्य का चिंतन न करके वर्तमान का सदुपयोग करने की शिक्षा दी। उन्होंने लोगों से आंशिक कोरोना कर्फ्यू का पूर्ण पालन करते हुए बुद्ध पूर्णिमा पर सभी धार्मिक अनुष्ठान घर पर ही करने की अपील की है।

Content Writer

Moulshree Tripathi