हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का दिल्ली में कल होगा अंतिम संस्कार, राजू ने 21 सितंबर को AIIMS में ली आख‍िरी सांस

punjabkesari.in Wednesday, Sep 21, 2022 - 12:09 PM (IST)

लखनऊ: प्रख्यात हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कल उनका दिल्ली में अंतिम संस्कार होगा। बता दें कि राजू 58 वर्ष के थे और 40 दिन से अधिक समय से अस्पताल में भर्ती थे। दिल्ली के एक होटल में व्यायाम करते समय 10 अगस्त को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी ‘एंजियोप्लास्टी' की गई थी। तभी से वह वेंटिलेटर पर थे और होश में नहीं आए। दीपू श्रीवास्तव ने  को बताया, ‘‘मुझे करीब आधे घंटे पहले परिवार वालों ने फोन करके उनके गुजर जाने की सूचना दी। वह 40 से अधिक दिन से अस्पताल में भर्ती थे।''



अस्पताल के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राजू श्रीवास्तव को सुबह 10 बजकर करीब 20 मिनट पर मृत घोषित किया गया। मनोरंजन जगत में 1980 के दशक के अंत से सक्रिय राजू श्रीवास्तव को 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' के पहले सीजन में भाग लेने के बाद खासी लोकप्रियता मिली थी। उन्होंने ‘मैंने प्यार किया', ‘बाजीगर', ‘बॉम्बे टू गोवा' (रीमेक) और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया' जैसी फिल्मों में अभिनय किया। वह ‘बिग बॉस' सीजन तीन में नजर आए थे। वह उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष भी थे।

Koo App
अपनी अभिनव कला दक्षता द्वारा जीवनपर्यंत सभी का मनोरंजन करने वाले श्री राजू श्रीवास्तव जी का निधन अत्यंत दुःखद है। शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करता हूं। श्री राजू श्रीवास्तव जी ने हास्य कला की विधा को अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के माध्यम से प्रदेश की परंपरागत कला की विधाओं के उत्थान में उनका सराहनीय योगदान रहा। ॐ शांति!
- Yogi Adityanath (@myogiadityanath) 21 Sep 2022
Koo App
फिल्म जगत में अपने सहज हास्य से एक अलग पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध कॉमेडियन एवं हमारे अतिप्रिय भाजपा नेता श्री राजू श्रीवास्तव जी के असामयिक निधन से मन व्यथित है। उनका निधन कला एवं फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। #ओमशांति #RajuSrivastavJi #RajuTheComedyKing - Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) 21 Sep 2022

Content Writer

Ramkesh