सेंधमारी कर बैंक में घुसे चोर, कंप्यूटर और जरूरी दस्तावेज जलाए

punjabkesari.in Sunday, Feb 10, 2019 - 10:43 AM (IST)

रायबरेलीः उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक सहकारी बैंक में सेंध लगाकर घुसे अराजक तत्वों ने कंप्यूटर और जरूरी दस्तावेज जला दिए। बैंक से हालांकि नकदी नहीं चुराई गई।

पुलिस ने बताया कि जगतपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराजज हाइवे पर जिला सहकारी बैंक की शाखा है। इस शाखा में गुरुवार रात पहले खिड़की तोड़ने की कोशिश की गई। खिड़की न टूटने पर उसके नीचे सेंध लगाई गई। इसके बाद अराजक तत्वों ने कंप्यूटर और दस्तावेज जला दिए। 

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बैंक खुलने पर घटना की जानकारी मिली। जानकारी मिलने के बाद बैंक के उप महाप्रबंधक (डीजीएम) और अन्य अफसर बैंक पहुंचे। बैंक की इस शाखा में सिर्फ दो कर्मचारी हैं। सुरक्षा के लिए एक पीआरडी जवान है, लेकिन वह भी रात को नहीं रहता है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। 

 

Ruby