भाजपा में घमासान: कई मंत्रियों से मिले बीएल संतोष, बैठक में नजर आया आंतरिक कलह

punjabkesari.in Tuesday, Jun 01, 2021 - 03:02 PM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष आज योगी सरकार के सभी मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठक कर रहे हैं। पहले से तय समय के अनुसार  बीएल संतोष बैठक में सबसे पहले उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य से मिलें फिर डिप्टी CM दिनेश शर्मा से उन्होंने मुलाक़ात की। इसके बाद उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य से मुलाक़ात कर योगी सरकार के कार्यकाल का जायजा लिया।

बता दें कि बैठक के बाद मौर्य, शर्मा और स्वामी प्रसाद मौर्य बाहर निकाल आए हैं। अब आगे की बैठक मंत्रियों के साथ जारी है। अंदरखाने से मिली जानकारी के अनुसार, यूपी भाजपा में घमासान व काफी अंतर्विरोध है। योगी सरकार के कामकाज को लेकर यूपी भाजपा में काफी विरोध है।

सूत्रों की मानें तो बीएल संतोष के साथ बंद कमरे में चल रही बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्रियों से विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद स्वामी प्रसाद से काफी देर तक वार्ता चली। हालांकि चारदीवारी के अंदर चल रही वार्ता का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते कोई भी नेता कुछ बोलने को तैयार नहीं है।

वहीं डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और स्वामी प्रसाद मौर्य ने मीडिया को गोल गोल घुमाया। हालांकि केशव मौर्य ने कुछ संकेत अवश्य दिए हैं। उन्होंने कहा कि  प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में हम अगला चुनाव भी जीतेंगे और 300 से अधिक सीटें आएंगी। डिप्टी सीएम के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

 

 

Content Writer

Moulshree Tripathi