मंदिर निर्माण में कांग्रेस सबसे बड़ी बाधक : श्रीकांत

punjabkesari.in Saturday, Nov 10, 2018 - 02:29 PM (IST)

मथुराः उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में कांग्रेस सबसे बड़ी बाधक है। शर्मा ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि एक ओर वे महाकाल के दर्शन के लिए जाते हैं, दूसरी ओर वे मंदिर निर्माण पर स्पष्ट राय नहीं देते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए अपनी नीति को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का मंदिर जाना केवल वोट पाने के लिए की गई कवायद है। करीब 500 साल पहले विदेशी आतताई हमारे देश में आए। उन्होंने हमारी संस्कृति को नष्ट करने का प्रयास किया था। भगवान राम भारतीय संस्कृति के प्रतीक हैं।

शर्मा ने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले से स्पष्ट है कि वहां पर राम मंदिर था। सर्वेक्षण में भी इस बात के सबूत मिले हैं कि वहां पर मंदिर ही था। अयोध्या में मंदिर है बस उसे भव्यता प्रदान करनी बाकी है। संवैधानिक दायरे में रहकर निश्चित रूप से इसका कोई न कोई रास्ता अवश्य ही निकलेगा। उच्चतम न्यायालय ने यह भी कहा था कि यह आस्था का विषय है। दोनों पक्षों को बैठकर इसका समाधान निकालना चाहिए।  

उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिये कोई न कोई रास्ता निकलेगा। भाजपा के घोषणा पत्र में बहुत साफ है कि संवैधानिक दायरे में रहकर मंदिर को भव्यता प्रदान करने का रास्ता निकालेंगे। संत समाज समेत पूरी दुनिया के लोगों का मत है कि जहां पर भगवान राम विराजमान हैं उस स्थान को भव्यता मिले। 5 राज्यों के चुनाव परिणाम की संभावना के बारे मेें पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव मैदान में उतरी है। उन्हें भरोसा है कि चुनाव में भाजपा को ही जीत हासिल होगी। तीनों राज्यों में अपने काम के बूते पर जीत हासिल करेंगे। मध्य प्रदेश को बीमार राज्य से खुशहाल राज्य बनाया है उसके बूते जीतेंगे।

Ruby