UP Politics: निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, नगर अध्यक्ष दिलप्रीत सिंह ने थामा BJP का दामन

punjabkesari.in Thursday, Apr 27, 2023 - 11:45 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में स्थानीय निकाय चुनावों (UP Nikay Chunav) से ठीक पहले कांग्रेस (Congress) को बड़ा झटका लगा है। लखनऊ दक्षिण से शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिलप्रीत सिंह (Dilpreet Singh) ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। माना जा रहा है कि निकाय चुनाव (Nikay Chunav) में टिकट बंटवारे (ticket distribution) को लेकर दिलप्रीत सिंह नाराज चल रहे थे।

पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित
भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में सिंह को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करायी गयी। भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस ने उन्हें अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। पार्टी ने अपने लखनऊ-उत्‍तर क्षेत्र के नगर अध्‍यक्ष अजय श्रीवास्‍तव उर्फ अज्‍जू को भी इसी आरोप में बाहर का रास्‍ता दिखा दिया है।

समाजवादी पार्टी की महापौर पद की उम्‍मीदवार अर्चना वर्मा भी BJP में हुई शामिल
उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिलप्रीत सिंह का भाजपा में स्‍वागत करते हुए कहा कि सिंह और उनके साथी नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा उम्‍मीदवारों को जीत दिलायेंगे। पाठक ने दूसरी पार्टियों से आकर भाजपा में शामिल हुए अन्‍य नेताओं का भी स्‍वागत किया। इससे पहले, गत रविवार को शाहजहांपुर से समाजवादी पार्टी की महापौर पद की उम्‍मीदवार अर्चना वर्मा भी उप मुख्‍यमंत्री पाठक की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गयी थी। इसके चंद घंटों बाद भाजपा ने उन्‍हें शाहजहांपुर से ही महापौर पद का प्रत्‍याशी घोषित कर दिया था।

Content Writer

Mamta Yadav