कांग्रेस ने अब बिग बी के लिए जारी किया पोस्टर, लिखा-बने चाहे दुश्मन ज़माना, सलामत रहे दोस्ताना हमारा

punjabkesari.in Saturday, Feb 24, 2018 - 12:39 PM (IST)

इलाहाबादः राजनीति में कब क्या हो जाए यह कोई नहीं जानता। धर्म की राजनीति क्या होती है, यह सभी जानते हैं, पर राजनीति का धर्म क्या होता है, यह किसी को नहीं मालूम। दरअसल एेसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन द्वारा कांग्रेस पार्टी और उसके अध्यक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के दूसरे नेताओं को फॉलो किए जाने की खबर सामने आई है। इस खबर से राजनीति गलियारों में तहलका मच गया है। इतना ही नहीं उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिग बी का पोस्टर द्वारा धन्यवाद भी किया है।

पोस्टर जारी कर जताया आभार 
दरअसल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर बिग-बी का आभार जताया है। इतना ही नहीं उनसे पुराने गिले शिकवे भूलकर कांग्रेस पार्टी में घर वापसी की अपील भी की है। उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगे हाथ अमिताभ बच्चन को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में इलाहाबाद सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने का न्यौता भी दे दिया। पोस्टर जारी करने वाले कांग्रेस नेताओं का मानना है कि अमिताभ बच्चन की घर वापसी से कांग्रेस पार्टी के अच्छे दिन आ सकते हैं।

महासचिव हसीब अहमद ने जारी किया पोस्टर 
इलाहाबाद में कांग्रेस पार्टी के जिला महासचिव हसीब अहमद द्वारा जारी किए गए पोस्टर में बाईं तरफ अमिताभ बच्चन और उनके पुराने दोस्त पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तस्वीर लगाई गई है। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष राहुल गांधी की हाथ जोड़े हुई तस्वीर है। पोस्टर पर इलाहाबाद के संगम का बैकग्राउंड है, तो ऊपर के हिस्से में अमिताभ द्वारा 1984 में इलाहाबाद सीट से लड़े गए लोकसभा चुनाव के प्रचार की कई तस्वीरें हैं।

‘आ अब लौट चलें’ 
पोस्टर पर सबसे ऊपर तीन बार आभार.. आभार... आभार लिखकर कांग्रेस और राहुल गांधी को ट्विटर पर फॉलो करने के लिए अमिताभ का शुक्रिया अदा किया गया है। पोस्टर में नीचे के हिस्से में कांग्रेस के चुनाव निशान हाथ के पंजे के साथ ‘आ अब लौट चलें’ लिखकर बिग बी से कांग्रेस में लौटने की अपील की गई है। पोस्टर में सबसे नीचे दो लाइनों में लिखा गया है- ‘बने चाहे दुश्मन ज़माना हमारा, सलामत रहे दोस्ताना हमारा।’

पोस्टर तेजी से हो रहा वायरल 
कांग्रेस नेता हसीब अहमद द्वारा सोशल मीडिया पर जारी किया गया यह पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्टर के वायरल होने से लोगों के मन में सवाल यही उठ रहा है कि क्या अमिताभ बच्चन 31 साल बाद कांग्रेस में घर वापसी करेंगे या फिर कांग्रेस के अपने प्रेम को सिर्फ सोशल मीडिया तक ही सीमित रखेंगे।