‘कांग्रेस भ्रष्टाचार की अम्मा है...’, सहारनपुर में केशव मौर्य बोले- अखिलेश-राहुल देश का भला नहीं कर सकते

punjabkesari.in Sunday, Feb 23, 2025 - 11:02 PM (IST)

Lucknow News: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद तथा तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले कभी प्रदेश और देश का भला नहीं कर सकते। मौर्य ने कहा- कांग्रेस भ्रष्टाचार की अम्मा है। भ्रष्टाचार करने वाली पार्टी के साथ जो भी पार्टी जुड़ी है, वह भी भ्रष्टाचारी है। फिर वह चाहे समाजवादी पार्टी हो या आम आदमी पार्टी।
PunjabKesari
केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जो सिर्फ परिवारवाद और तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं, वो कभी प्रदेश और देश का भला नहीं कर सकते।” उन्होंने कहा, “विकसित भारत और विकसित यूपी बनने तक कमल की आँधी जारी रहेगी। न अखिलेश, न राहुल गांधी--देश की जनता को अब सिर्फ मोदी और भाजपा पर भरोसा है।’’ मौर्य ने कहा 2024 हो या 2029, विकास और आत्मनिर्भरता की राह पर भारत आगे बढ़ता रहेगा।
PunjabKesari
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सहारनपुर जनपद के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कहा कि सहारनपुर में विकास की अपार संभावनाएं हैं। मौर्य ने सर्किट हाउस सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने उन्हें काष्ठ से निर्मित गणेश जी की मूर्ति भेंट की। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, हर घर नल से जल, विद्युत, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण आदि की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में विकास की अपार संभावनाएं है। सभी अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें और सहारनपुर को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाएं। जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता दें। फसलों को बचाने के लिए खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों पर बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। इससे जहां किसानों का फायदा होगा, वहीं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को भी लाभ होगा साथ ही लोगों को रोजगार भी मिलेगा।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आमजन के साथ बेहतर व्यवहार करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने हर घर नल से जल योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि गांवों की गली ग्रामीणों के लिए हाइवे होती है, जहां पर पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़के तोड़ी गई हैं उनको गुणवत्तापरक तरीके से रिस्टोर किया जाए।

संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांव-गांव जाकर विजिट कर सर्वे करें और सुनिश्चित कराएं कि योजनाओं का लाभ पात्रों को मिले। उन्होंने बिजली विभाग को निर्देशित किया कि चेकिंग अभियान चला कर लाइन लॉस कम किया जाए। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों को नई फसलों के प्रति जागरूक करें। फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के लिए प्रयास किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आवासीय योजनाओं में निराश्रित एवं दिव्यांगों को प्राथमिकता दी जाए। राजस्व वसूली को बढ़ाने के संबंध में कार्य करना सुनिश्चित करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static