MP सरकार पर भड़के कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, बोले- शिवराज के राज में बेकसूर लोगों को पीटा जा रहा

punjabkesari.in Monday, Aug 30, 2021 - 01:16 PM (IST)

प्रयागराज: मध्य प्रदेश के नीमच में आदिवासी युवक की पिटाई के बाद गाड़ी में बांधकर घसीटे जाने और उज्जैन में मुस्लिम शख्स से जबरन 'जय श्रीराम' के नारे लगवाए जाने के मामलों पर सियासत लगातार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने इन दोनों घटनाओं को लेकर एमपी की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर जमकर निशाना साधा है और राष्ट्रपति से सरकार को बर्खास्त किए जाने की मांग की है।

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी का कहना है कि शिवराज सिंह चौहान छल, कपट के जरिए मध्य प्रदेश की सत्ता पर तो काबिज हो गए लेकिन वहां के हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। कानून व्यवस्था पर शिवराज सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। इस तरह के दोनों मामलों में सिर्फ घटनाओं में शामिल लोग ही दोषी नहीं हैं, बल्कि सीधे तौर पर सरकार भी जिम्मेदार है, जो ऐसे मामलों पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। ऐसे में राष्ट्रपति को शिवराज सिंह चौहान की सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए। सरकार को अब सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं रह गया है।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के नीमच जिले में एक 40 वर्षीय आदिवासी व्यक्ति की आठ लोगों ने मिलकर पिटाई की। उसके बाद व्यक्ति को वाहन के पीछे रस्सी में बांधकर घसीटा गया। जिसके बाद पीड़ित आदिवासी ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में 5 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। वहीं एमपी के उज्जैन जिले में एक मुस्लिम धर्म के कबाड़ी वाले को मारा गया और उससे जबरन ‘जय श्री राम’ के नारे लगवाए गए। कबाड़ी वाला गुजारिश करता रहा कि उसके साथ जबरदस्ती न किया जाए लेकिन गांव वाले अपना धौंस जमाते हुए उसका सामान फेंक दिए। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ तो पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static