कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर बोला जोरदार हमला, कहा-चुनाव जीतने पर खुशी मनाई जाती है, दंगे नहीं होते

punjabkesari.in Wednesday, Mar 07, 2018 - 05:13 PM (IST)

गोरखपुरः जैसे जैसे लोकसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे वैसे सभी पार्टियां जीत हासिल करने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपना रहीं हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता संजय सिंह पार्टी प्रत्याशी के लिए प्रचार करने के लिए गोरखपुर पहुंचे। इस दौरान वह मीडिया से रूबरू हुए। मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने त्रिपुरा में बीजेपी की जीत पर कहा कि जीत के बाद ख़ुशी मनाई जाती है, दंगे नहीं होते।

साथ ही उन्होंने कहा कि आज देश व प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। सरकार होने के बावजूद अभी तक किसी भी वादों को पूरा नहीं किया। महंगाई, विकास, देश में शान्ति, बॉर्डर पर पकिस्तान को रोकने में ये सरकार नाकाम रही है। बेरोजगारी व गरीबी को भी कम करने में असमर्थ रही है। जब कांग्रेस की सरकार थी तो पाकिस्तान व चीन से सम्बन्ध हमारे अच्छे थे। बीजेपी देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है।

संजय सिंह इतने पर ही नहीं रूके उन्होंने कहा कि देश कांग्रेस के हाथ में सुरक्षित था और आने वाला समय भी कोंग्रस का होगा। कांग्रेस की कमी से प्रदेश में बसपा व सपा प्रदेश में आई। हमारी इसमें गलती थी। साथ ही उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन को लेकर कहा कि सपा व बसपा गठबंधन हुआ है, वह राज्य सभा व विधानसभा की सीटों के लिए हुआ है, ये स्वार्थ की राजनीति है। अच्छे दिन का इन्तजार कर रही जनता को अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। उन्होंने त्रिपुरा में बीजेपी की जीत कहा कि जीत के बाद ख़ुशी मनाई जाती है, दंगे नहीं होते।