कांग्रेस ने UP की 27 लोकसभा सीटों पर उतारे प्रत्याशी: SP,BSP और BJP छोड़ आने वालों को भी दिए टिकट

punjabkesari.in Friday, Mar 15, 2019 - 10:24 AM (IST)

सहारनपुर: भाजपा के विजय रथ को रोकने के लिए कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव-2019 के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की है, जिसमें कई दल-बदलुओं को भी तवज्जो दी गई है। इनमें दल-बदलुओं के साथ राज्यसभा सदस्यों को भी चुनाव मैदान में उतार दिया गया है। अब तक कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 80 में से 27 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है।

कांग्रेस द्वारा जारी सूची में उत्तर प्रदेश की 16 लोकसभा सीटों का जिक्र है। इसमें कुछ पुराने दिग्गजों को मैदान में उतारने के साथ ही अपनी पार्टी के राज्यसभा सदस्य तथा दल-बदलू पूर्व सांसदों पर भी दाव लगाया गया है। दूसरी सूची में 16 उम्मीदवारों के नाम हैं। इससे पहले कांग्रेस ने 11 उम्मीदवार घोषित किए थे। अब तक उत्तर प्रदेश में 27 उम्मीदवार तय हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश की 80 सीटों के लिए कल देर शाम जारी कांग्रेस उम्मीदवारों की यह दूसरी सूची नए और पुराने समीकरण का मिश्रण है।

कांग्रेस सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को फिर कानपुर तथा भाजपा छोड़ने वाली सांसद सावित्री बाई फुले को बहराइच से मौका दिया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को गाजियाबाद की बजाय मुरादाबाद तथा प्रतापगढ़ में पूर्व सांसद रत्ना सिंह को एक बार फिर किस्मत आजमाने का मौका दिया गया है। मिर्जापुर से पंडित कमलापति त्रिपाठी के पौत्र ललितेशपति त्रिपाठी व हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं पूर्व सांसद ओमवती देवी जाटव को नगीना (सु) सीट पर कांग्रेस ने उम्मीदवार घोषित किया है।

2014 की मोदी लहर में खीरी से हार चुके पूर्व सांसद जफर अली नकवी को फिर मौका दिया गया है। बसपा से टिकट की बात न बनने पर पति संग कुछ दिन पहले बसपा छोड़कर आईं पूर्व सांसद केसर जहां को सीतापुर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। पूर्व गृह राज्यमंत्री राम लाल राही हाल में भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में लौटे हैं। उनके परिवार की मंजरी राही को राम लाल की पुरानी सीट मिश्रिख (सु) पर कांग्रेस ने उतारा है।

कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद रमाशंकर भार्गव को लखनऊ की मोहन लालगंज (सु) सीट तथा सपा से ही आए पूर्व सांसद राकेश सचान को फतेहपुर से उम्मीदवार बनाया है। वहीं सुल्तानपुर से राज्यसभा सदस्य डॉ. संजय सिंह, संत कबीरनगर से परवेज खान, बांसगांव (सु.) से सेवानिवृत्त आई.पी.एस. कुश सौरभ, लालगंज (सु) से पंकज मोहन सोनकर और राबटर््सगंज (सु.) से भगवती प्रसाद चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस के महासचिव व मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ प्रिय श्रीवास्तव कहते हैं कि कांग्रेस की दूसरी सूची में पूर्व सांसदों को उनकी क्षमता के हिसाब से मैदान में उतारा गया है, ताकि सपा-बसपा गठबंधन से होने वाले संभावित नुक्सान से निपटा जा सके। केसर जहां और राकेश सचान दोनों ने 2009 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी, लेकिन मोदी लहर के कारण वे 2014 के चुनाव में हार गए।

Anil Kapoor